मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल-इंजन सरकार दोगुनी रफ्तार से कर रही है विकास: देब

पंचकूला में सुशासन दिवस पर बिप्लब देब ने कांग्रेस कल्चर पर कसा तंज, बोले -कांग्रेस में मल्लिकाअर्जुन खड़के कभी भी नहीं बन सकते प्रधानमंत्री

चंडीगढ़, 25 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिन पर पंचकूला में बूथ नंबर 23 पर आयोजित सुशासन दिवस के कार्यक्रम में बोलते हुए हरियाणा भाजपा के प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के सपने को साकार करने में लगे हैं। इस मौके पर उन्होंने परिवारवाद कल्चर को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के होते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।  इससे पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर फूल अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दुनिया में राष्ट्रभाषा को सम्मान प्रदान कराया, वहीं प्रधानमंत्री मोदी जी भारत का गौरव बढ़ाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल-इंजन सरकार दोगुनी रफ्तार से विकास कर रही है। गरीब-कल्याण की नीतियों से दलितों, पिछड़ों व गरीबों के जीवन में व्यापक बदलाव आ रहे हैं और यही भाजपा की सरकारों की पहचान है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत उंचाईयों को छू रहा है। मोदी के नेतृत्व का लोहा दुनिया मान रही है। दक्षिणी ध्रूव पर चंद्रायान-2 की सफल लैडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना है। नारी शक्ति वंदन बिल पास कराकर मोदी जी ने महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनका सम्मान किया है।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हमारे पास मोदी जी जैसा नेतृत्व और अमित शाह जैसा संगठक है। ‘‘शायरी अंदाज में बोलते हुए श्री देब ने कहा कि हारी हुई बाजी जीतने वाले को अमित शाह कहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव के परिणाम गवाह है कि मोदी जी की प्रेरणा कभी झुकने नहीं देती। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी बोलते थे कि सरकारें आएंगी और जाएंगी, पार्टियां बनेंगी और बिगड़ेंगी, किंतु यह देश रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी भी अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलकर देशहित को सर्वोपरि मानकर काम कर रहे हैं।  

हाल ही पास हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य विधेयक पर बोलते हुए प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री देब ने कहा कि अंग्रेजों के बनाए 150 साल पुराने कानूनों को खत्म करके नए कानून बनाए गए हैं जो पूरी तरह स्वदेशी है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल देश पर शासन किया, लेकिन कभी भी अंग्रेजों के बनाए कानूनों को हटाने की हिम्मत नहीं दिखाई, क्योंकि इसका सबसे बड़ा कारण लार्ड माउंटबेटन हैं जिसे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू अपना दोस्त मानते थे।  बिप्लब कुमार देब ने कहा कि अंग्रेजों ने राजद्रोह का कानून बनाया जो उनके हक में था, लेकिन आज भारत आजाद है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज द्रोह कानून को खत्म कर देशद्रोह कानून को बनाया। अब कोई भी व्यक्ति देश के खिलाफ द्रोह करने के बारे में सोचकर भी डरेगा।  

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बिप्लब देब ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान में समझा था उनके झूठे झांसों में आकर जनता उनको सत्ता सौंप देगी, लेकिन यह भारत की जनता है इसको समझना बहुत कठिन है और जनता ने चुनाव में कांग्रेस को झुनझुना थमा दिया। श्री देब ने कहा कि देश की जनता को अगर कोई नेता समझता है तो वे अटल जी थे और उनके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, पंचकूला के महापौर कुलभूषण, करनाल प्रभारी दीपक शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया, जिला मीडिया प्रमुख नवीन गर्ग, मंडल अध्यक्ष युवराज कौशिक, बूथ अध्यक्ष परिमल मित्तल उपस्थित रहे।

भाजपा की रीति और नीति पर बोलते हुए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हमारी पार्टी में बहुत शक्ति है। भाजपा में कार्यकर्ता ही मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं। भाजपा जैसा और कोई दल नहीं है। कांग्रेस में कोई कितनी ही मेहनत कर लें, लेकिन खड़गे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। डीएमके में कार्यकर्ता कितनी ही कोशिश कर लें स्टालिन या उसके पुत्र ही मुख्यमंत्री बनते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में ममता दीदी ने शादी नहीं की, लेकिन अब भतीजा प्रकट हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा दूसरे राजनीतिक दलों में परिवार के लोग ही मुख्य पदों पर विराजमान होते हैं।  

बिप्लब देब और फणीन्द्रनाथ शर्मा ने माता मनसा देवी के किए दर्शन

सुशासन दिवस कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा माता मनसा देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां माता के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष अजय शर्मा व अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। यहां से वे भाजपा के पब्लिसिटी एडवाइजर तरूण भंडारी के पिता जी की पहली बरसी पर लगाए गए मेडिकल कैंप में पहुंचे और वहां उपस्थित लोगों को मोदी-मनोहर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

error: Content is protected !!