प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और मंत्री कमलेश ढांडा ने सुशासन दिवस पर बांटे स्मार्ट फोन और टैब

फूल अर्पित कर अटल जी को किया याद

चंडीगढ़, 25 दिसंबर। हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की मनोहरलाल सरकार स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए देश में कल्याणकारी योजनाओं से सुशासन स्थापित कर रहे हैं। श्री सैनी ने कहा कि  बीपीएल कार्ड जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना भी स्वर्गीय वाजपेयी ने की थी। मोदी-मनोहर सरकार भी गरीब कल्याण में लगी है। श्री नायब सैनी सोमवार को सुशासन दिवस पर कैथल के लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने सबसे पहले अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके दिखाए गए मार्गदर्शन पर चलने का आह्वान किया। उनके साथ महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, विधायक लीलाराम, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजेपयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सैनी और मंत्री कमलेश ढांडा ने आंकनवाड़ी कार्यकर्ता को स्मार्ट फोन और पटवारियों को टैब वितरित किए। इससे पहले श्री सैनी ने कैथल के नागरिक अस्पताल में अटल वाजपेयी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने यहां भी उपस्थित सभी लोगों से अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलने की अपील की।

नायब सैनी ने कहा कि आज सुशासन व्यवस्था से देश और प्रदेश के नागरिकों का जीवन सरल हुआ है और समस्याओं का समाधान भी तेजी से रहा है। श्री सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार में पारदर्शिता से काम होना ही सुशासन का उदाहरण है। जनता पारदर्शी योजनाओं से ही सुशासन व्यवस्था का अहसास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत गांव को शहर से जोड़ा जा रहा है। बीपीएल कार्ड के तहत गरीब व्यक्तियों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो सपने स्वर्गीय वाजपेयी ने गरीब, जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए देखे थे, उन्हें पूरा करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि मनोहर सरकार में बिचौलियों का खत्मा हुआ है और ऑनलाईन व्यवस्था से लाभार्थियों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। गरीब व जरूरतमंदों की जरूरतें पूरी हो रही है और प्रदेश में जनता सुशासन महसूस कर रही है। श्री सैनी ने कहा कि सबको उनका अधिकार मिल रहा है यही सच्चा सुशासन है। श्री सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश में सड़क तंत्र को मजबूत कर गांव व शहर में आवागमन सुगम बनाया गया है। मनोहर सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए बनाई गई योजनाओं का परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेता संवैधानिक पदों की गरिमा के खिलाफ काम कर रहे हैं।  कांग्रेसी नेताओं द्वारा देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पर अशोभनीय टिप्पणियां करना वास्तव में लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की छोटी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। श्री सैनी ने कहा कि देश में लोकतंत्र से बड़ा कुछ नहीं है, लेकिन कांग्रेसी नेता अपने आपको लोकतंत्र से ऊपर मानते हैं।

महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि सुशासन की धारणा पर चलते हुए प्रदेश सरकार विभिन्न सेवाएं और योजनाएं ऑनलाईन व्यवस्था से लोगों तक पहुंचा रही है। आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर किया जा रहा है। राज्य सरकार ने पुरानी व्यवस्थाओं को बदलकर लाभार्थी तक सीधा लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया है।

कमलेश ढांडा ने कहा कि आमजन  के कार्यों को सरलता प्रदान करते हुए अटल सेवा केंद्र, अंत्योदय सरल केंद्र स्थापित किए गए हैं। आमजन की परेशानियों के समाधान के लिए सीएम विंडो एक बेहतरीन माध्यम साबित हो रहा है, जहां कोई भी व्यक्ति अपनी परेशानी को तथ्यों के साथ रखता है और उनकी परेशानी का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होता है। मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि मुझे खुशी है कि आज प्रदेश में महिला एवं बाल विकास की बहुत ही अहम योजना की शुरूआत हुई है। आज प्रदेश में आंगनवाडी कार्यकर्ताओं, पोषण अभियान से जुड़े कर्मचारियों, अधिकारियों को 28 हजार 484 स्मार्ट फोन के वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया।

इस मौके पर पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, डीसी प्रशांत पंवार, एसपी उपासना, एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम कृष्ण कुमार व देवेंद्र शर्मा, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, संजय भारद्वाज, कर्मबीर कौल, ज्योति सैनी, सीमा रानी, भीम सैन अग्रवाल, रामपाल राणा, मुनीष कठवाड़, आदित्य भारद्वाज, नरेश मित्तल, मुकेश जैन, प्रवीण प्रजापति, हरपाल शर्मा, रामकुमार नैन, शक्ति सौदा, विरेंद्र बत्तरा, अजीत चहल, कुशल पाल, जग्गा राम सैनी, अशोक सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष का पुंडरी में भव्य स्वागत

सुशासन दिवस के कार्यक्रमों के बाद प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी पुंडरी विधानसभा के गांव झांबा में पहुंचे, यहां उनका जबरदस्त स्वागत हुआ। लोगों और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं डालकर उनका स्वागत किया। इसके बाद श्री सैनी पुंडरी की सैनी धर्मशाला में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। अपने दोनों स्वागत कार्यक्रम में श्री सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार देश और प्रदेश में सुशासन स्थापित करने में कामयाब हो रही है। उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार ने समान रूप से सभी क्षेत्रों का विकास किया है। उन्होंने स्वागत करने वाले सभी लोगों से अपील की कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत के साथ तीसरी बार सत्ता में लाएं इससे विकास की रफ्तार में और भी तेजी आएगी।

error: Content is protected !!