गृहमंत्री ने माता लक्ष्मी का अपमान किया: डॉ. सुशील गुप्ता
गृहमंत्री को लोग त्योहार कैसे मनाएं यह बताने का कोई हक नहीं: डॉ. सुशील गुप्ता
गृहमंत्री ने हमारे भगवानों पर टिप्पणी की, माफी मांगें: डॉ. सुशील गुप्ता
गृहमंत्री को देवियों से इतनी एलर्जी क्यों है? चित्रा सरवारा
मां सरस्वती तो रुष्ठ लग ही रही हैं, कहीं मां लक्ष्मी भी ना रूठ जाए: चित्रा सरवारा

चंडीगढ़, 13 नवंबर – आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने सोमवार को बयान जारी कर गृहमंत्री अनिल विज के माता लक्ष्मी की पूजा पर दिए बयान पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धर्म लोगों का स्वैच्छिक विषय है। यह बताने और सिखाने का गृहमंत्री को कोई हक नहीं है कि लोग त्योहार कैसे मनाएं। जब सब लोग सकारात्मक होकर दीवाली जैसे महान पर्व पर सुख-समृद्धि-शांति के लिए माता लक्ष्मी की पूजा कर रहे हैं और माता सीता तो माता महालक्ष्मी का ही अवतार है। लेकिन हिन्दू धर्म के तथाकथित ठेकेदार भाजपा के मंत्री दीपावली जैसे पावन पर्व को लेकर लोगों में संदेह पैदा करके माता लक्ष्मी जी का अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राम के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने वाली भाजपा धर्म के नाम पर लोगों में शंका पैदा करके किसी भी हद तक गलत कर सकती है। भगवान राम के आदर्शों का तो पूरे विश्व भर में बोलबाला है और मंत्री अनिल विज ने तो स्वास्थ्य मंत्रालय को पंगु बनाते हुए हरियाणा की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। असली राम की अवेहलना तो गृहमंत्री ही कर रहे हैं। राम के नाम पर वोट मांगने वाले आज आस्था पर सवाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि यही सवाल कोई दूसरा करता तो हिंदु विरोधी कहलाता। गृहमंत्री के इस अटपटे बयान से हरियाणा की जनता में बेहद गुस्सा है, सब कह रहे हैं कि गृहमंत्री अनिल विज ने हमारे भगवानों के बारे में गलत टिपण्णी की है। उन्होंने गृहमंत्री से अपील करते हुए कहा कि भगवान गणेश और माता लक्ष्मी के अपमान के लिए तुरंत माफी मांगें और कहा कि प्रभु श्री राम गृहमंत्री को सद्बुद्धि दे।

वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने कहा कि गृहमंत्री ने ने माता लक्ष्मी का अपमान किया है, आखिर गृहमंत्री को देवियों से इतनी एलर्जी क्यों है? आजकल मां सरस्वती तो रुष्ठ लग ही रही हैं, कहीं मां लक्ष्मी भी ना रूठ जाए।