भिवानी, 10 नवम्बर, 2023 –  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वी.पी. यादव ने बोर्ड कर्मचारियों/अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझाव/समस्या का समाधान करने के लिए आज नौंवा ‘सीधा संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सचिव सुश्री ज्योति मित्तल, ह.प्र.से. तथा सभी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष द्वारा 02 व 03 दिसम्बर को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

बोर्ड अध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में कहा कि बोर्ड के सभी कर्मचारियों/अधिकारियों के हितो को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का निदान करने हेतु सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन जनवरी-2023 से प्रत्येक माह किया जा रहा है। कर्मचारियों/अधिकारियों की समस्याओं का निदान करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की समस्या का समाधान संवाद से किया जा सकता है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ० वी.पी.यादव व बोर्ड सचिव सुश्री ज्योति मित्तल ने आज आयोजित किए गए सीधा संवाद कार्यक्रम में कहा कि बोर्ड के सभी अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हैं, जिसके चलते बोर्ड निरन्तर उन्नति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने आज धनतेरस पर्व के अवसर पर बोर्ड में कार्यरत लिपिकों को सहायक के पद पर तथा सहायकों को अधीक्षक के पद पर पदोन्नत करके दीपावली का तोहफा दिया। पदोन्नति की घोषणा उपरान्त सभी अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा तालियों की गडग़ड़ाहट से बोर्ड प्रशासन का आभार व्यक्त कर हार्दिक धन्यवाद किया गया।

शिक्षा बोर्ड प्रशासन द्वारा दीपावली के अवसर पर सभी स्थाई व अस्थाई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, डाटा एण्ट्री ऑपरेटरों, ड्राईवरों, प्रशिक्षुओं व कैन्टीन कर्मचारियों को मिठाई वितरित की गई तथा बोर्ड में कार्यरत सभी कर्मचारियों/अधिकारियों  व उनके परिवारजनों को धनतेरस व दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।

error: Content is protected !!