सिरसा रोड शो में उमड़ी भीड़, नायब सैनी ने 2024 में डबल इंजन की सरकार बनने का किया दावा

– रोड शो के दौरान जनता ने भारत माता की जय, मोदी-मनोहर जिंदाबाद के लगाए नारे
रोड शो में बोले नायब सैनी – जनता द्वारा दिए गए सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा

सिरसा/चंडीगढ़ 6 नवम्बर। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार सिरसा पहुंचे नायब सैनी का जनता  और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के सम्मान और स्वागत में एक भव्य रोड शो आयोजित किया गया। दिल्ली रोड से शुरू हुए रोड शो में एक खुली जीप में सवार होकर प्रदेश अध्यक्ष ने भी जनता का अभिनंदन स्वीकार किया। जीप के साथ सैकड़ों युवा बाइकों व दूसरी गाड़ियों में सवार होकर जय श्रीराम, भारत माता की जय जयकार करते हुए जीप के आगे-आगे चलते रहे। जैसे-जैसे श्री सैनी का काफिला बढ़ता गया लोगों की भीड़ भी बढ़ती चली गई। सड़कों के दोनों तरफ भी सैकड़ों लोग खड़े होकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिवादन करते नजर आए।

समर्थकों और आम जनता ने जगह-जगह प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रूकवाकर उनका फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल भाजपामयी दिखाई दिया। लोगों ने श्री सैनी के स्वागत के दौरान मोदी जिंदाबाद और मनोहर जिंदाबाद के भी नारे लगाए। जहां-जहां से रोड शो गुजरा छतों पर खड़े लोगों ने भी नायब सैनी पर फूल बरसाए।

भव्य स्वागत से गदगद प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि गुरूओं और पीरों की पवित्र धरती सिरसा में जो सम्मान यहां की जनता और कार्यकर्ताओं ने दिया है उसे कभी कम नहीं होने दूंगा। भव्य स्वागत से उत्साहित श्री सैनी ने कहा कि आप लोगों के उत्साह ने बता दिया कि 2024 में केंद्र में मोदी और प्रदेश में मनोहर सरकार फिर से बन रही है।

रोड शो से पहले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सैनी सबसे पहले डेरा बाबा भूमण शाह जी, संगर सरिस्ता गए और गद्दीनशीन गुरु महाराज बाबा ब्रह्म दास जी से आशीर्वाद लिया और गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब पहुंचकर नतमस्तक हुए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद सरसाईनाथ मंदिर में पहुंचे और भगवान से देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। इस मौके पर उनके साथ में प्रदेश महामंत्री डॉ पवन सैनी, सिरसा जिला के अध्यक्ष आदित्य देवी लाल, जिला प्रभारी  जींद अमरपाल राणा व अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

मोदी-मनोहर सरकार ने कल्याणकारी नीतियों से लोगों के जीवन को सरल बनाया: नायब सैनी

सिरसा। रोड शो के बाद सिरसा के नेहरू पार्क में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार गरीब लोगों के लिए समर्पित सरकार है। 2014 में सरकार बनने के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय की भावना से काम करते हुए लोगों के जीवन को सरल बनाया है। श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने देश और प्रदेश की बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त और मजबूत हुआ है। इन 9 सालों में भाजपा ने जो वादे किए थे उसे पूरा किया है। मोदी सरकार ने एक झटके में धारा 370 को हटाया और आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिन बन रहा है। 9 सालों में देश का गौरव और सम्मान विश्व स्तर पर उंचा किया।

नायब सैनी ने कहा कि मनोहर सरकार ने पारदर्शी शासन देकर जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाई है, योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी दी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच सदा गरीब विरोधी रही है। कांग्रेसी नेता गरीब को देखकर भागते हैं, लेकिन आज केंद्र में मोदी और राज्य में मनोहर लाल की सरकार है जो गरीबों की चिंता करती है। आयुष्मान और चिरायु कार्ड से गरीबों का फ्री में इलाज हो रहा है।

नायब सैनी ने कहा कि उज्जवला योजना से महिलाओं को धूंआ से मुक्ति मिली है। भाजपा सरकार ने हर घर नल से जल पहुंचाकर महिलाओं का जीवन सरल किया है। देश का किसान समृद्ध हो इसके लिए मोदी सरकार ने किसान हितैषी योजनाएं बनाई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से देश के किसानों को तीन किस्तों में छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। हरियाणा में भावांतर भरपाई योजना से किसानों के नुकसान को सरकार वहन कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अनेकों कल्याणकारी योजनाएं हैं जिनका लाभ पात्र लोगों को मिल रहा है। श्री सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे मोदी और मनोहर सरकार को फिर से बनाने का संकल्प लें। सभी कार्यकर्ता डबल इंजन की सरकार को पुनः स्थापित करने में अभी से जुट जाएं और सबसे पहले दस के दस कमल खिलाकर मोदी की झोली में डालने का काम करें।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, जिला अध्यक्ष आदित्य चौटाला,  प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, जिला उपाध्यक्ष भूपेश मेहता, जिला महामंत्री रामचंद्र कम्बोज, अमन चौपड़ा, जिला मीडिया प्रमुख कपिल सोनी, पूर्व विधायक सरदार बलकार सिंह, वरिष्ठ नेता प्रदीप रातूसरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष यतिन्द्र सिंह, पूर्व चेयरमैन गुरदेव राही, वरिष्ठ नेता पदम जैन, गोविंद कांडा सहित समाज के प्रबुद्ध लोग व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है और मोदी-मनोहर विकास की गारंटी है: नायब सैनी

सिरसा: मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है, जबकि मोदी-मनोहर विकास की गारंटी देते हैं। 2014 से पहले देश और प्रदेश भ्रष्टाचार की दलदल में धंसा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी शासन देकर व्यवस्था को बदलने का काम किया। श्री सैनी ने कहा कि 9 सालों में मोदी जी के नेतृत्व में देश दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टारगेट दिया है कि 2029 में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा।

पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर चुटकी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के अंदर रोष है और कांग्रेस गुटों में बंटी हुई पार्टी है। चुनाव नजदीक है और अभी तक उनका संगठन तक नहीं बन सका है। जबकि भाजपा पन्ने तक पहुंच चुकी है। राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए हरियाणा में संगठन को मजबूत करने के लिए जबरदस्त काम किया है। भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती से मोदी-मनोहर सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। 2024 में हरियाणा की दसों सीटों पर कमल खिलेगा और फिर से केंद्र में मोदी और प्रदेश में मनोहर सरकार बनेगी।

वोकल फ़ॉर लोकल को बढ़ावा दे रहे प्रजापति समाज के कार्यकर्ता को नायब सैनी ने किया सम्मानित

सिरसा: कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी आईटीआई बाईपास पर प्रजापति समाज के एक कार्यकर्ता दलीप के घर पर भी पहुंचे। शॉल, फूलमाला और पगड़ी पहनाकर कार्यकर्ता का सम्मान स्वयं नायब सैनी ने किया। जिससे यह कार्यकर्ता भी गदगद नजर आया। नायब सैनी ने इस अवसर पर कहा कि प्रजापति समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फ़ॉर लोकल के विजन को आगे बढ़ा रहा है। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी और जिला प्रभारी अमरपाल राणा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!