प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बढ़ाया विश्व में भारत का मान और सम्मान  
  – परिवहन मंत्री मलचंद शर्मा ने कहा- भाजपा की रीति और नीति आमजन को आकर्षित कर रही है  

चंडीगढ़, 15 अक्तूबर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पन्ना प्रमुखों के दम पर हरियाणा की सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों पर कमल खिलेगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है जो बूथ स्तर पर मजबूत है। रविवार को फरीदाबाद जिला की पृथला विधानसभा के  देवांश गार्डन में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में श्री धनखड़ ने कांग्रेस पर भी तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जहां प्रदेश और ज़िला का संगठन तक नहीं है, वहीं भाजपा ने अपने पन्ने तक के प्रमुख तय कर दिए हैं।

पन्ना प्रमुखों को पार्टी की रीढ़ बताते हुए धनखड ने कहा कि वर्ष 2014 में शुरू हुई भाजपा की विजय यात्रा 2024 में बड़ी जीत के साथ आगे बढ़ेगी। इस विजयी यात्रा के पन्ना प्रमुख कर्णधार होंगे। भाजपा तीसरी बार देश और प्रदेश में बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी और इस बार पृथला विधानसभा में कमल खिलेगा। उन्होंने सभी पन्ना प्रमुखों से 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

श्री धनखड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने साढ़े 9 वर्षों के सफल सेवाकाल में महिला सशक्तिकरण, देश की सीमाओं को सुरक्षित करने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा सेवाभाव की नीति से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हर घर शौचालय, उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस, हर घर नल से जल देकर मोदी सरकार ने महिलाओं का सम्मान किया है। धनखड़ ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। धारा 370, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण, तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को छुटकारा, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति का सम्मान किया है।

धनखड़ ने कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। अब देश और प्रदेश के लोग भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने मुखिया के रूप में देख रहे हैं। कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ओजस्वी नेतृत्व से लोगों को सुरक्षित किया। इतना ही नहीं दूसरे मुल्कों को भी कोरोना की वैक्सीन देकर उनके नागरिकों की जान बचाई। आज पूरा विश्व भारत की तरफ आशा भरी दृष्टि से देख रहा है। बड़े-बड़े मुल्कों के नेता प्रधानमंत्री मोदी को बॉस कह रहे हैं, यही बदला हुआ भारत है।

पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का हर पन्ना प्रमुख पार्टी की रीड की हड्डी है। जब बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख मजबूत होगा तो देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी मजबूत होगी। देश और प्रदेश को विकास और उन्नति पर ले जाने वाली  भाजपा की रीति और नीति आमजन को आकर्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी पन्ना प्रमुख सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को लेकर आमजन तक पहुंचे और सहयोगी के रूप में लोगों की सेवा करें।

मूलचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में योग्यता के आधार पर नौकरियों में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का बच्चा भी लाभ ले रहा है। देश प्रदेश में सुशासन देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास लेकर देशहित के कार्य की धमक देश और दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देखी जा रही है।

पन्ना प्रमुख सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने पृथला से पूर्व प्रत्याशी और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोहनपाल सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, बलदेव अलावलपुर, सुखबीर मलेरना, दीपक डागर को बधाई दी और उनकी जमकर प्रशंसा की। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मनीष यादव, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा,  छायशा मंडल के अध्यक्ष भूपेंद्र रावत, सीकरी मंडल के अध्यक्ष पवन चौधरी, फतेहपुर मंडल के अध्यक्ष हरीश धनकर आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!