ओबीसी महिलाओं को भी मिलना चाहिए आरक्षण, इसके बिना यह विधेयक अधूरा है- चौधरी उदयभान
महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल प्रभाव से किया जाए लागू- चौधरी उदयभान

चंडीगढ़, 21 सितंबर:-  कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है। और इसकी शुरुआत भी कांग्रेस ने ही की थी।  यह कहना है हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान का। महिला आरक्षण बिल को लेकर बयान जारी करते हुए चौधरी उदयभान ने कहा कि इस बिल में एससी-एसटी के साथ ओबीसी महिलाओं के आरक्षण का भी प्रावधान होना चाहिए। तभी इसमें सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो पाएगा। 

चौधरी उदयभान ने कहा कि OBC  कोटा नहीं होना इस विधेयक को अपूर्ण बनाता है। मैं चाहता हूं कि इस विधेयक में ओबीसी आरक्षण को शामिल किया जाना चाहिए था। यह बहुत जरूरी है कि भारत की महिलाओं के बड़े हिस्से की आरक्षण तक पहुंच होनी चाहिए, जोकि इस विधेयक में नहीं है। उन्होंने कहा कि ओबीसी महिलाओं के आरक्षण के बिना यह बिल अधूरा है। और यह ओबीसी समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि कितने दलित और आदिवासी है, इसके लिए जातिगत जनगणना की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को भविष्य पर टालने की बजाय उस तत्काल प्रभाव से लागू करना चाहिए। अगर सरकार चाहे तो इसे आने वाले चुनाव में ही लागू किया जा सकता है। लेकिन 9 साल से सत्ता में रहते हुए बीजेपी ने इस दिशा में कोई कोशिश नहीं की। इससे उसकी मंशा स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू किया जा सकता है और इसके लिए नई जनगणना एवं परिसीमन की कोई जरूरत नहीं है।