हिसार में आप नेताओं की गिरफ्तारी का डॉ.अशोक तंवर ने जताया विरोध

कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ अशोक तंवर पहुंचे थाने
सीएम, मंत्रियों और विधायकों से पूछते रहेंगे जनहित के सवाल: डॉ. अशोक तंवर
जन अपमान कार्यक्रम बन गया है सीएम खट्टर का जनसंवाद: डॉ. अशोक तंवर
सवाल जवाब करना ही लोकतंत्र की ताकत : डॉ. अशोक तंवर
आम आदमी पार्टी ही प्रदेश में विपक्ष की भूमिका में : डॉ. अशोक तंवर
जनसंवाद के नाम पर तानाशाही कर रही खट्टर सरकार: डॉ. अशोक तंवर

हिसार,07 सितंबर – हिसार में सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर वीरवार को कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर 9,11 के थाने में पहुंचे। पुलिस ने आप नेता विरेंद्र नरवाल और मनोज राठी को गिरफ्त में ले रखा था। डॉ. अशोक तंवर के साथ आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता के दबाव के चलते हिसार पुलिस ने आप नेताओं को रिहा कर दिया। मुख्यमंत्री के जनसंवाद के चलते उन्हें एक दिन पहले ही हिरासत में लिया गया था।

डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन संवाद में कोई भी व्यक्ति किसी तरह का मांग व आवाज उठा सकता है, लेकिन जनता की आवाज से भाजपा सरकार डरी हुई है। यही कारण है कि आप नेता मनोज राठी और वीरेंद्र नरवाल को गिरफ्तार करवा दिया गया। इससे पहले सिरसा जिले में हुए जन संवाद कार्यक्रम के दौरान आप नेता कुलदीप गदराना व अन्य को गिरफ्तार करवाया गया था। सिरसा जिले में ही एक महिला सरपंच का सरेआम अपमान मुख्यमंत्री के सामने हुआ था। इससे पहले रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़, नारनौल क्षेत्र में हुए जन संवाद कार्यक्रमों में जो हुआ, वो भी किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जनसंवाद कार्यक्रम, जन अपमान कार्यक्रम बन गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जनसंवाद के चलते हमारे नेताओं को पुलिस हिरासत में लिया गया है। यही आम आदमी पार्टी की ताकत है। उन्होंने पुलिस से सवाल जवाब करते हुए कहा कि किस आधार पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को उठाया गया है। लोकतंत्र में सवाल जवाब करना मूल अधिकार है। आम आदमी पार्टी ही प्रदेश में विपक्ष की भूमिका में है। बाकी पार्टियों की बीजेपी के साथ सांठ गांठ है। आम आदमी पार्टी का एक भी विधायक विधानसभा में नहीं है। इसलिए आम आदमी पार्टी के नेता जनसंवाद कार्यक्रम में जनहित के सवाल पूछने का काम करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम, जन अपमान कार्यक्रम बन गया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता जनहित के मुद्दों पर, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर, शिक्षा के मुद्दों पर, स्वास्थ्य के मुद्दों पर, रोजगार के मुद्दों पर विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री खट्टर से सवाल जवाब करेंगे। खट्टर सरकार की तानाशाही नहीं चलने दी जाएगी। आम आदमी पार्टी के पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री खट्टर से सवाल जवाब करेंगे। जनता के मुद्दों पर मुख्यमंत्री खट्टर से शांतिपूर्ण सवाल पूछने पर किसी भी प्रकार की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!