– बौखलाए कांग्रेसी अब मंच से ही दे रहे हैं जनता को गाली: धनखड़
– पन्ना प्रमुख अपने आप को मोदी का प्रतिनिधि मानकर करें जनसेवा के कार्य  

चंडीगढ़,   26 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का रास्ता भाजपा सरकार में ही प्रशस्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लिए बार-बार भाजपा सरकार को चुनना होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ जींद जिला की सफीदो विधानसभा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां कांग्रेस पर भी हमला करते हुए कहा कि बौखलाए कांग्रेसी अब मंच से खुलेआम जनता को भी गाली दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं को 2024 में फिर से जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि आप अपने अपने पन्ने के मतदाताओं के लिए पीएम मोदी के प्रतिनिधि हो। इसलिए आपका दायित्व बनता है कि मोदी सरकार की नीतियों का लाभ हर पात्र नागरिक तक पंहुचे। उन्होंने कहा कि भाजपा में हर नेता पन्ना प्रमुख है। भाजपा में पन्ना प्रमुख ही मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रधानमंत्री बनते हैं।  इस मौके पर पन्ना प्रमुख सम्मेलन के संयोजक व जिला अध्यक्ष राज कुमार मोर व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रूव पर पहुंचाने वाला भारत विश्व का पहला देश बन गया है। अब तो चंद्रमा को देखने का नजरिया भी बदल गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा है कि अब चंदा मामा दूर के नहीं टूर के हो गए हैं, यह बड़ा बदलाव है। आज मोदी जी ने  घोषणा की है कि जिस प्वाइंट पर विक्रम लैंडर ने लैंड किया है उस जगह का नाम शिव शक्ति होगा।  अब 23 अगस्त  इतिहास में दर्ज हो गया है और यह दिन अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत की अगली तैयारी सूर्य के नजदीक और मंगल ग्रह पर  जाने की है। भारत की इस यात्रा को अब कोई रोक नहीं सकता। मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चारों तरफ देश तरक्की कर रहा है। सड़कों का जाल बिछ रहा है। इन 9 सालों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। उन्होंने कहा कि पंचायत मंत्री रहते हुए मैने हरियाणा में पढ़ी-लिखी पंचायत देने के साथ यह शर्त रखी थी जिस घर में शौचालय होगा वही व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है। बाद में इस योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में लागू करवा दिया।  

श्री धनखड़ ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि देश और प्रदेश ने देखा कि कांग्रेस के समय कैसे लोग गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में खड़े रहते थे, लेकिन आज घर-घर सिलेंडर पहुंच रहा है। हर घर नल से नल देकर मोदी सरकार ने महिलाओं के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। कोरोना महामारी के दौरान मोदी जी ने देश को संभाला और निशुल्क दो-दो वैक्सीन सभी देशवासियों को लगवाई और दूसरे देशों को वैक्सीन देकर वहां के नागरिकों का जीवन बचाने का काम मोदी की भाजपा सरकार ने किया।  श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान बढ़ा है। ग्रीस के ‘‘ग्रैंड क्रॉस’’ ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर से प्रधानमंत्री को सम्मानित किया गया। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मोदी जी को बोस कह रहे हैं। अमेरिका की सीनेट में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं जिसे सुनकर छाती चौड़ी हो जाती है, यह बदला हुआ भारत है। उन्होंने कहा कि पहले भारत की गिनती गरीब देशों में होती थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी इसे दसवें नंबर पर लेकर आए। मनमोहन सिंह ने भी दस साल में 10वें नबर पर ही छोड़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने इन 9 सालों में देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाया। जल्द ही जापान और जर्मनी को पीछे कर भारत मोदी के नेतृत्व में विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। जो अंग्रेज हम पर राज करके गौरव महसूस करते थे उनकी प्रधानमंत्री को हमने रोते हुए देखा है। इंग्लैंड की अर्थव्यवस्था अब छठे नंबर पर है। भारत का बेटा ऋषि सुनक ब्रिटेन को संभाल रहे हैं। उनके देश में मोरारी बापू की राम कथा होते हम देख रहे हैं यही बदला हुआ भारत है।

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोबाइल निर्माण में हम दूसरे, कार निर्माण में तीसरे तथा दुग्ध उत्पादन में नंबर एक पर हैं। दवाईयां बनाने में भारत नंबर एक पर है। यह सब मोदी की लीडरशिप में हो रहा है। भाजपा की सरकार एक-एक आदमी की चिंता करने का काम कर रही है। चिरायु कार्ड और आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीब लोगों का फ्री में इलाज हो रहा है। किसान सम्मान निधि से किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे भेजकर  मोदी सरकार ने सम्मान किया है। अब तक अढ़ाई लाख करोड़ की धनराशि किसानों के खातों में सीधे पहुंच रही है। हरियाणा में किसानों फसल खराब होने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा के दे रही है। भावांतर भरपाई से नुकसान की भरपाई सरकार कर रही है, इतना ही नहीं किसानों की सभी फसल खरीदने का काम भी सरकार कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बात को कभी भूल मत जाना कि धारा-370 लगाई किस पार्टी ने थी और तोड़ने वाली पार्टी कौन सी है। भाजपा ने जब जम्मू-कश्मीर से 370 हटाई तो 370 लगाने वाली कांग्रेस ने हटाने का भी विरोध किया है। भगवान राम को बाबरी मस्जिद में और टैंट में बैठाने वाली भी कांग्रेस पार्टी ही है। अब भाजपा ने भगवान राम का भव्य मंदिर बनाकर न केवल अपना वादा पूरा किया बल्कि भारत की आस्था का भी सम्मान किया।

श्री धनखड़ ने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने अंडेमान निकोबार द्वीप समूह में झंडा फहराया था, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने झंडे को हटा दिया। अब मोदी सरकार ने ऐसा झंडा लगा दिया है कि जिसे कोई सरकार नहीं हटा सकती। द्वीप का नाम ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रख दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाकर देखो अब  कर्तव्य पथ पर जॉर्ज पंचम की नही नेता जी की प्रतिमा हैं। । भाजपा ने नेताजी को पूरा मान-सम्मान देने का काम किया है।

पन्ना प्रमुख सम्मेलन के संयोजक एवं जिला अध्यक्ष राज कुमार मोर ने कहा कि भाजपा शासनकाल में जींद में काफी तरक्की हुई है। कांग्रेस के समय में सड़कें टूटी हुई थी, अब जींद जिला की सड़कों पर चलने का आनंद ही कुछ और है। जिला में मेडिकल कालेज बन गया है। भाजपा की सरकार मोदी जी की  सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए पूरे प्रदेश में एक समान विकास कार्य कराए हैं। भाजपा के शासन में आज गरीब के बच्चे को बिना पर्ची और खर्ची के सरकारी नौकरी मिल रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जींद जिला की पांचों विधानसभाओं से कमल खिलाकर मोदी जी की झोली में डालने का काम हमारी पन्ना प्रमुख टीम करेगी। इस मौके पर  जिला प्रभारी धर्मबीर मिर्जापुर, विजय सैनी, सुरेश कौशिक, वचन सिंह आर्य, विजयपाल एडवोकेट, कलीराम, कविता शर्मा, प्रिंस मुदगिल सहित पार्टी पदाधिकारी ,कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुख उपस्थित थे।

error: Content is protected !!