विद्यार्थी जीवन में कड़ा परिश्रम करते हुए लक्ष्य प्राप्ति की ओर निरंतर करें प्रयास, समाज सेवा को आधार मानकर बढ़े आगे- मुख्यमंत्री

प्रदेश के लगभग 160 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए दिया सफलता का मूलमंत्र

चंडीगढ़, 16 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने विद्यार्थियों का शिक्षा के पथ पर आगे बढ़कर समाज की सेवा का आह्वान करते हुए कहा कि वे जीवन में समाज हित में कुछ विशेष करने का संकल्प लें। इसके साथ ही विद्यार्थी कड़ा परिश्रम करते हुए जीवन में आगे बढ़े और अपने लक्ष्य की प्राप्ति करें।

वे आज पंचकूला के लोक निर्माण विश्राम गृह में मेधावी छात्र सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश से आए करीब 160 मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र भेंट करते हुए सम्मानित किया। ये विद्यार्थी प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं व 12वीं कक्षा के छात्र थे जिन्होंने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में अच्छा मनुष्य बनने के लिए कड़ा परिश्रम करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जीवन में व्यावहारिक ज्ञान की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करते हुए समाज व लोक हित में कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा को निखारने में माता-पिता का सबसे पहला स्थान है। उसके बाद शिक्षकगण इस दिशा में अपनी सर्वोत्तम भूमिका निभाते हैं। इसके बाद मनुष्य के विचार है जो व्यक्ति को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा मनुष्य बनने के लिए व्यावहारिक परिश्रम हमें मेधावी बनाता है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में अभी तक जो भी विद्यार्थियों ने अर्जित किया है वे उसे सीढ़ी बनाते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन में इसी प्रकार कठिन परिश्रम करें और निरंतर प्रगति की ओर बढ़ते रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम करना अत्यंत आवश्यक है और जो व्यक्ति निरंतर परिश्रम करता है उसे निश्चित तौर पर ही सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और कठिन परिश्रम करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जिससे हम अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं जिसके लिए मेहनत करना जरूरी है। कठिनाइयों और संघर्षो के बलबूते से जीवन में सफलता मिलती है। उन्होंने आशा जताई कि समारोह में आने वाले सभी विद्यार्थी कड़ी मेहनत करके शिक्षा जगत में अपने लक्ष्य को प्राप्त कर भविष्य में देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री ने अंबाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायवाली की छात्रा आंचल से संवाद किया। आंचल ने मुख्यमंत्री से एनडीए में कैरियर बनाने संबंधी प्रश्न पूछा जिसका उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जीवन में जिस भी क्षेत्र का चयन करें उसके लिए पूरी लगन से तैयारी करें। उन्होंने कहा कि हो सकता है उन्हें पहले प्रयास में सफलता ना मिले लेकिन निरंतर प्रयासरत रहने से उन्हें निश्चित तौर पर ही सफलता मिलेगी।

इसी प्रकार, रोहतक के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसाना से आई याशी, रेवाड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मायन से आई नेहा भारद्वाज, जिला सिरसा की छात्रा दिव्या, महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी के रोहन गुप्ता और फरीदाबाद से इशिका ने भी मुख्यमंत्री से सीधा संवाद करते हुए अपने संशयों को दूर किया।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर कुलभूषण गोयल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ अमित कुमार अग्रवाल,हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष वेद प्रकाश यादव, उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी, पुलिस उपायुक्त सुमेर प्रताप सिंह, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!