आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हाईटेक हुआ तिरंगा, तिरंगे के साथ लें सेल्फी, वेबसाइट पर करें अपलोड: डीसी
डिजिटल तिरंगा के माध्यम से ऑनलाइन देख सकते हैं अपलोड की गई सेल्फी

गुरुग्राम, 12 अगस्त। हर घर तिरंगा” के माध्यम से पूरे गुरुग्राम जिला में उत्साह, संकल्प व प्रेरणा का एक नया वातावरण बन रहा है। राष्ट्रप्रेम के इस देश व्यापी अभियान से गुरुग्राम जिला का कोई घर अछूता ना रहे इसके लिए डीसी निशांत कुमार यादव ने जिला में आज से शुरू हो रहे हर घर तिरंगा अभियान में सभी गुरुग्रामवासियों से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। डीसी ने कहा कि यह अभियान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुँचाने का संकल्प पथ है। जिसके माध्यम से हम सभी को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अपने आसपास रहने वाले पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने का प्रण लेना होगा।

अपनी पसंद की लोकेशन पर ऑनलाइन लगा सकते हैं तिरंगा :
केंद्र सरकार ने देश की आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस राष्टï्रव्यापी अभियान को लोकप्रिय बनाने के लिए सरकार की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी व तकनीक का भी सहारा लिया है। इसके तहत संस्कृति मंत्रालय ने एक अलग पहल करते हुए harghartiranga.com वेबसाइट लांच की है, जिस पर जाकर ऑनलाइन भी तिरंगा लगाया जा सकता है और उसके उपरांत सर्टिफिकेट भी डाउलोनड कर सकते हैं। वहीं हम डिजिटल तिरंगा के माध्यम से हमारे द्वारा अपलोड की गई सेल्फी भी देख सकते हैं।

तिरंगा के इतिहास में साल 2002 का है खास महत्व :
तिरंगे के इतिहास और उसको फहराने के अधिकार में 26 जनवरी, 2002 का एक खास स्थान है। यही वह दिन है जब भारत के आम नागरिकों को भी अपनी मर्जी  से किसी भी दिन झंडा फहराने का अधिकार मिला। इसके पहले  झंडा फहराने का अधिकार तो था लेकिन सिर्फ कुछ खास अवसर जैसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया जा सकता था। लेकिन 26 जनवरी, 2002 से भारतीय झंडा संहिता में संशोधन के बाद आम नागरिकों को कहीं भी कभी भी राष्ट्रीय झंडा फहराने का मौका मिला। इसके बाद से आम आदमी अपने घरों, कार्यालयों और फैक्ट्रियों में किसी भी दिन तिरंगा फहरा सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें झंडे का पूरी तरह से सम्मान कायम रखना होगा और तय मानकों के आधार पर झंडे को फहराना होगा।

सरकार 13 अगस्त से 15 अगस्त तक चला रही हर घर तिरंगा अभियान :
आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्र सरकार मेरी माटी-मेरा देश अभियान चलाकर आजादी के अमृत महोत्सव को यादगार बना रही है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सरकार की ओर से 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच सभी घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार की ओर से भारतीय झंडा संहिता, 2002 और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के नियमों में भी बदलाव किया है। इसके तहत देश के नागरिक अब रात में भी झंडा फहरा सकेंगे। इसके अलावा मशीन से बने और पॉलिएस्टर से बने झंडे को भी फहराया जा सकेगा। भारतीय झंडा संहिता में संशोधन के पहले केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक केवल हाथ से बना हुआ या काते हुए ऊन, कपास या रेशमी खादी से बना झंडा ही फहराया जा सकता था।

error: Content is protected !!