केंद्रीय कानून एवं संस्कृति मंत्री ने भारत अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक केन्द्र निर्माण समिति की सराहना की

गुरुग्राम – गुरुग्राम के सेक्टर 9ए में चल रहे भारत अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र के भव्य शिलान्यास एवं तीन दिवसीय संस्कृति महोत्सव के अंतिम दिन सांयकालीन सत्र में भारत के कानून एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने भाग लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भारत अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र में स्थापित होने जा रहे सरस्वती म्यूज़ियम की मुख्य शिला स्थापित की तथा इस केंद्र के मॉडल का बारीकी से अवलोकन किया। संस्कृति एवं कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने द्वीप प्रज्वलन करने के बाद हरियाणा कला परिषद के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भगवान बिरसा मुंडा पर आधारित नृत्य नाटिका देखी।जिसमें भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्षों को दिखाया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपना संबोधन देते हुए केंद्रीय कानून एवं संस्कृति मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि इंटरनेशनल दिव्य परिवार सोसाइटी एवं चाणक्य वार्ता परिवार द्वारा स्थापित होने जा रहे भारत अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केन्द्र के सभी उद्देश्य बहुत सार्थक और प्रासंगिक है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार भगवान बिरसा मुंडा पर आधारित नृत्य नाटिका दिखाई गई उसी प्रकार हमारी सरकार ऐसे वीरों को सामने लाना चाहती है जो असाधारण रूप से वीर थे लेकिन कुछ कारणों से उनको मुख्य धारा में लाने से रोका गया जिसका परिणाम हुआ कि हमारे अनेक अनसंग हीरो आज समाज के ध्यान से विलुप्त हैं।

श्री मेघवाल ने कहा कि इस सांस्कृतिक केंद्र में बनने वाला सरस्वती म्यूजियम भी बहुत महत्वपूर्ण होगा। साथ ही आदिवासी जनजातीय शोध केंद्र, भारतीय भाषाओं पर शोध एवं अध्ययन, संस्कृति पुस्तकालय आदि अनेक प्रकार की योजनाएं इस केंद्र पर संचालित होंगी।

केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा दिए गए नारे- “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना भी यहां साकार हो रही है।

केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि इस संस्कृति महोत्सव में भाग लेने के लिए देश-विदेश के अनेक विशिष्ट जन यहां पधारे हैं।

शिलान्यास एवं तीसरे दिन चलने वाले सांस्कृतिक महोत्सव के मुख्य अतिथि अर्जुन राम मेघवाल के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने 3 दिनों से अपनी कला और नृत्यों का अद्भुत प्रदर्शन कर रहे कलाकारों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण भाला, गणि राजेन्द्र विजय, डॉ अमित जैन, ईश्वर करूण, महावीर भारद्वाज, गौसेवा आयोग के वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब, भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, अशोक दिवाकर आदि आयोजन समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।