देश व प्रदेश की जनता ने नरेंद्र मोदी को 2024 में फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है: धनखड़
हुड्डा परिवार तक ही सिकुड़ कर रह गई हरियाणा में कांग्रेस पार्टी: धनखड़

चंडीगढ़, 16 जुलाई। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने उचाना में पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शानदार बैटिंग कर रहे हैं। देशी हो या विदेशी पिच, हर जगह धुंआधार बल्लेबाजी कर रहे हैं। अपने देश में अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को बार-बार मौका दिया जाता है। देश की जनता ने भी पीएम मोदी को वर्ष 2024 में फिर से मौका देने का मन बना लिया है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा के पास पन्ना प्रमुखों से सुसज्जित सशक्त संगठन की टीम तैयार है। दूसरी तरफ कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दल खंडित हो रहे हैं। चा.ै बीरेंद्र सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को कांग्रेस सम्मान नही दे पाई। धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी हुड्डा परिवार तक सिकुड़कर रह गई है।

धनखड़ ने सभी पन्ना प्रमुखों से 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार को पुनः स्थापित करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता फिर से लगातार तीसरी बार मोदी जी को सेवा का मौका देगी। हरियाणा की जनता भी पिछली बार की तरह सभी 10 की 10 सीटों पर कमल खिलायेगी। पन्ना प्रमुख को अपने-अपने पन्ने के मतदाता के साथ सादगी और शालीनता के साथ जुड़ाव रखना है। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलवाना है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पन्ना प्रमुखों को पार्टी की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति व नीति है कि पन्ना प्रमुख में से ही कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर विराजमान होकर देश की सेवा करते हैं। धनखड ने मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां मंच से गिनवाई। प्रदेश अध्यक्ष धनखड ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सबसे बड़ा मंच है। भाजपा न केवल देश की बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और मजबूत सेवा भाव का संगठन है। आज भारत की विदेशों में अपनी पहचान बनी है। विदेशी धरती पर पीएम मोदी को कोई बोस कह कर सम्मान दे रहा है तो कोई सिर झुकाकर अभिनंदन कर रहा है। फ्रांस ने अपना सर्वाेच्च सम्मान प्रदान किया है।

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना। आने वाले समय में हमारी अर्थव्यवस्था टॉप थ्री की होगी, यह बात खुद प्रधानमंत्री ने अमेरिका जैसे ताकतवर देश की संसद में सबोधित करते हुए कही जिससे हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा-370 हटी जिससे आज हमारी सेना का मनोबल सातवें आसमान पर है। भव्य राम मंदिर निर्माण के हम साक्षी बन रहे हैं। भाजपा सरकार किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी सरकार ने अंत्योदय की भावना से गरीब लोगों के जीवन स्तर को उंचा उठाया है।

श्री धनखड़ ने कहा कि कभी कांग्रेस के कद्दावर और मजबूत नेता रहे चो. बिरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, कुलदीप बिश्नोई, धर्मबीर सिंह, रमेश कौशिक, डा. अरविंद शर्मा आज सभी भाजपा परिवार का हिस्सा है। कांग्रेस अंदरूनी झगड़ों से जूझ रही है और प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति बहुत ही कमजोर हो चुकी है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने पन्ना प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के चुनाव में पन्ना प्रमुख ही भाजपा की असली ताकत बनकर उभरेंगे। जिस तरह से प्रदेश भर में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में पन्ना प्रमुखों की टीम खड़ी हो हो रही है उससे साफ दिखाई दे रहा है कि तीसरी बार देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए प्रदेश की जनता उत्साहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है, इसलिए पहले की तरह ही प्रदेश की जनता फिर से दस की दस लोकसभा सीटें प्रधानमंत्री मोदी की झोली में डालेगी। वहीं राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग के लिए काम हुआ है, जबकि पूर्व विधायक प्रेमलता ने पन्ना प्रमुखों को पार्टी की रीढ़ बताया तो जिला अध्यक्ष राजू मोर ने कहा कि पन्ना प्रमुखों की संख्या बढ़ाने का काम किया जा रहा है।