जनता ने देश बेचने वाली कांग्रेस को नकार कर ईमानदार चाय बेचने वाले मोदी को प्रधानमंत्री बनाया: अनुराग ठाकुर
विपक्ष का गठबंधन एक ठगबंधन है, इनके पास ना ही है नेता और ना ही नीति: अनुराग ठाकुर
पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की कायल: ओम प्रकाश धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को युवा दिलों की धड़कन बताया

चंडीगढ़, 24 जून। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर पानीपत में आयोजित करनाल लोकसभा की गौरवशाली भारत रैली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर विपक्ष पर जमकर बरसें, तो प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी कांग्रेस पर करारे वार किए। अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के 15 दलों के गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए कहा कि इनके पास ना नेता है, ना ही नीति है और इनकी नीयत में खोट है। श्री ठाकुर ने रैली में विपक्ष के जमावड़े को भ्रष्ट लोगों की मंडली बोलते हुए लोगों से एक बार फिर ईमानदार नेता और ईमानदार सरकार चुनने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता के सामने सिलसिलेवार रखते हुए जनहित कार्यों का अहसास कराया। वहीं धनखड़ ने कहा कि आज पूरी दुनिया मोदी जी के नेतृत्व की कायल है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ताकतवर बनकर उभर रहा है। करनाल के सांसद एवं रैली के संयोजक संजय भाटिया ने भी मोदी सरकार के 9 साल के कार्य पब्लिक के सामने रखे। सांसद श्री भाटिया और पानीपत की जिला अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने संयुक्त रूप से मंच का संचालन किया।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने 9 सालों में गरीब को पक्के मकान, शौचालय, उज्जवला योजना के तहत गैस, पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने का काम किया है। हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया। आज 15 राज्यों में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क मोदी सरकार ने खड़ा कर दिया। पूर्व सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन दी। वर्तमान सैनिकों के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट, लड़ाकू विमान, लेटेस्ट हथियार दिए।

पूर्व की मनमोहन सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि 26/11 के हमले के बाद मनमोहन सरकार मौन हो गई थी यानि की साइलेंट मोड़ में चली गई थी। यह मोदी सरकार है साइलेंट वाली सरकार नहीं। यह सर्जिकल स्टाइक करती है और दुश्मन को घर में घुसकर मारती है। अब पाकिस्तान और चीन की हिम्मत नहीं होती वो आंख उठाकर देख ले। यह नेहरू का 1962 का भारत नहीं जो चीन अतिक्रमण करें, यह 2023 का नया बुलंद, सशक्त और समृद्ध मोदी का भारत है। चीन और पाकिस्तान जितना मर्जी प्रयास कर ले, कोई भारत को डराने की अब सोच नहीं सकता। केंद्रीय मंत्री ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह ताकत प्रधानमंत्री मोदी को आप लोगों ने दो बार दी है तभी वे जनहित के कार्य कर सकें और अब तीसरी बार भी मोदी सरकार के लिए वोट करेंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस के मुकाबले अधिक काम किए हैं। 87 प्रतिशत गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। कांग्रेस सरकार के मुकाबले पांच गुणा नेशनल हाइवे बनाएं। 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे, 9 साल में 74 और नए एयरपोर्ट बनवाएं। 9 साल पहले 82 हजार एमबीबीएस की सीटें थी, मोदी सरकार ने 9 साल में 70 हजार सीटें बढ़ाने का काम किया। 2014 से पहले 641 मेडिकल कालेज थे हमने 700 नए मेडिकल कालेज खोले। पहले 730 विश्वविद्यालय थे, भाजपा सरकार ने नए 390 और विश्वविद्यालय बनवाएं, दस हजार लैब बनाई। ऐसे ही आईआईएम, आईआईटी खोली गईं। कांग्रेस 70 साल में जो नहीं कर पाई हमने 9 साल में करके दिखाया है।

9 साल पहले की याद जनता को दिलाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि तब चुनाव के समय कांग्रेस के नेता तंज कसते थे कि गरीब मां का बेटा, बर्तन मांजने वाली का बेटा और चाय बनाने वाला देश क्या चलाएगा। उन्होंने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि आप लोगों ने देश बेचने वाली काग्रेस को नकार दिया और ईमानदार चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बना दिया। जो कभी किसी ने सोचा ना था वो 9 साल में मोदी सरकार ने ईमानदारी से करके दिखा दिया। भ्रष्टाचार मुक्त सरकारें कैसे चलाई जाती है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिद्ध करके दिखा दिया। सुशासन के नए आयाम स्थापित किए।

दुनिया के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांवों को हाथ लगाता है यह हमारे लिए और हर भारतवासियों के लिए गौरवान्वित होने का पल है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को ललकारते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी कान खोल कर सुन लो, कि इटली की प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता कह रही है। अमेरिका का राष्ट्रपति रात्रि भोज प्रधानमंत्री मोदी के साथ करने के लिए लालायित हैं। मोदी-मोदी की गूंज भारत ही नहीं सात समुंद्र पार गूंज रही है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय वो था जब देश में भ्रष्टाचार की बू आती थी, नए-नए घोटाले उजागर होते थे, कभी अंतरिक्ष घोटाला, कभी सबमरीन घोटाला, कभी अगस्ता, कॉमनवेल्थ खेल तो कभी जीजा घोटाला। हरियाणा कांग्रेस पर जबरदस्त वार करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने कांग्रेस के जीजा जी को बंदरबांट में कमी नहीं छोड़ी थी। नेशनल हैराल्ड में भ्रष्टाचार करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज उसी का अंजाम है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी जमानत पर बाहर हैं।

पटना में 15 दल साथ आए, लेकिन उनके दिल नहीं मिल पाए: अनुराग ठाकुर

पटना में हुई 15 दलों की बैठक पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे साथ तो आए लेकिन उनके दिल नहीं मिले हैं। देवदास फिल्म की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आपने रील फिल्म देखी, अब रीयल फिल्म देखिए कि कांग्रेस के हालात क्या हैं। अरविंद केजरीवाल कांग्रेस को दिल्ली और पंजाब छोड़ने की बात कर रहे हैं। ममता बनर्जी कांग्रेस को बंगाल, नीतिश कुमार बिहार, अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश, लेफ्ट कांग्रेस को केरल छोड़ने की बात कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या अब कांग्रेस सिर्फ कुर्सी लगाने के लायक रह गई है। उन्होंने कहा कि विपक्षियों की यह बैठक राहुल गांधी की शादी कराने पर ही सिमट कर रह गई। मंच से केंद्रीय मंत्री ने करनाल के सांसद संजय भाटिया के समर्थन में तालियां बजवाई और एक बार फिर से सबसे ज्यादा लीड से जिताने का आह्वान किया।

अमेरिका की संसद में मोदी-मोदी के नारों की गूंज से हर भारतीय हुआ आनंदित: ओम प्रकाश धनखड़

अमेरिकी सांसदों का बार-बार खड़े होकर मोदी के लिए तालियां बजाना हमारे लिए गर्व की बात: धनखड़

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से पहले रैली को करनाल लोकसभा की पानीपत रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने सदा देश को नीचा दिखाने की कोशिश की थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 9 सालों में विदेशों में देश का मान बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की संसद में जो मोदी-मोदी का नारा सुना उससे हर भारतवासी का दिल खुश हो गया, यही बदलता हुआ भारत है। अमेरिका की दो रातें सभी ने देखी जिससे हर भारतवासी गदगद हो गया, मन आनंद से भर गया। अमेरिका की संसद में अमेरिकी सांसदों द्वारा मोदी के भाषणों पर बार-बार ताली बजाकर सम्मान देने की घटना को भी प्रदेश अध्यक्ष ने भारत के लिए गौरव की बात बताई।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी ने अमेरिका वालों को डिजिटल के बारे में भी बता दिया कि मोदी सरकार में एक बटन दबाते ही करोड़ों किसानों के खातों में कैसे सम्मान निधि भेज दी जाती है। दक्षिणी अफ्रीका में जितने बैंक खाते नहीं होंगे उससे ज्यादा जन-धन खातों में राशि ट्रांसफर कर दी जाती हैं। आस्ट्रेलिया की जितनी आबादी उतनी संख्या में लोग भारत की ट्रेनों में सफर करते हैं। कैसे अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन प्रधानमंत्री का हाथ पकड़कर ले गए यह नजारा हम सभी ने देखा जिससे मन आनंदित हो गया।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि उनके समय में जूता उतरवाकर तलाशी ली जाती थी, तब हमें शर्म महसूस होती थी। आज हम बदलते भारत को देख रहे हैं कि कैसे विदेशों के राष्ट्राध्यक्ष मोदी के सम्मान में खड़े होते हैं, पैर छूते हैं और गले मिलते हैं। आस्ट्रेलिया का राष्ट्राध्यक्ष मोदी को बॉस बोल रहे हैं। यही बदलता हुआ भारत है।

श्री धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व का ही करिश्मा था कि रूस व यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को बीच में रुकवाकर देश के छात्रों को सकुशल भारत लाया गया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वसुदैव कुटुम्बकम की नीति पर चलने वाले प्रधानमंत्री मोदी के आदर में दुनिया के नेता सिर झुका रहे हैं। ब्राजील का राष्ट्रपति भगवान हनुमान जी की फोटो ट्वीट कर रहे हैं। यह सब बातें प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देती है।

धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत की संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अमेरिका में सहस्र चंद्र के दर्शन मोदी ने राष्ट्रपति बाइडेन को करा दिए, ये गौरव के पल हम सभी के लिए आनंददायी हैं। मोदी के करिश्माई नेतृत्व पर बोलते हुए धनखड़ ने कहा कि रूस और यूक्रेन का युद्ध रूकवा कर अपने नागरिकों और छात्रों को सकुशल भारत लाना यही बदलते हुए भारत की ताकत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 9 सालों में भारत आत्मनिर्भर होने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में श्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें पलायन के लिए मजबूर कर दिया था। उनकी कोई पुण्य तिथि नहीं मनाई जाती थी। मोदी सरकार में आज बोस की पुण्य तिथि मनाई जा रही है। इंडिया गेट पर उनकी प्रतिमा लगाकर सम्मान दिया गया है।

कांग्रेस की सरकारों में जितने भी अवार्ड होते थे कांग्रेसी नेताओं के नाम पर होते थे। लेकिन मोदी सरकार ने खेल रत्न का पुरस्कार मेजर ध्यानचंद के नाम से किया। ऐयरपोर्ट के नाम बलिदानियों और शहीदों के नाम पर किए। नौ साल में भारत मजबूत हुआ है और हमारी अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर फक्र है कि शीघ्र ही भारत दुनिया की सबसे बड़ी तीसरी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कश्मीर से धारा 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक सहित विभिन्न मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा की कोरोना काल में हमारे देश में तैयार वैक्सीन विदेशों में भेजी गई और कोरोना से बचाया। करनाल लोकसभा की पानीपत रैली में धनखड़ ने मोदी सरकार की 9 सालों की उपलब्धियों और विकास कार्यों को गिनवाया। इस मौके पर उन्होंने जनता से अच्छा काम करने वाले को तीसरी बार मौका देने की हां भी भरवाई। रैली के दौरान संजय भाटिया के आग्रह पर लोक गायक गजेंद्र फोगाट ने प्रधानमंत्री मोदी पर बनाए हुए गीत ‘‘मोदी-मोदी हो रही है’’ गाया तो पांडाल में बैठी पब्लिक झूम उठी।

इस मौके पर करनाल के सांसद संजय भाटिया, सांसद अनिल अग्रवाल, राज्य सभा सांसद कृष्ण पंवार, प्रदेश महामंत्री वेदपाल, जिला प्रभारी संदीप जोशी, राम कुमार कश्यप, विधायक हरविन्द्र कल्याण, महिपाल ढाडा, प्रमोद विज विधायक, भगवानदास कबीरपंथी, योगेन्द्र राणा, मेयर अवनीत कौर, ज्योति शर्मा, दीपक शर्मा, राहुल राणा, कृष्ण छोकर, मेघराज गुप्ता आदि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!