भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने सैकड़ों लोगों के साथ किया योग

चंडीगढ़, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने गुरुग्राम पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भारत की योग विद्या दुनिया को जीने का तरीका सिखा रही है। उन्होंने दुनिया भर में योग दिवस मनाए जाने और इसके प्रचार -प्रसार का श्रेय भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देश के योगाचार्यों को दिया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बरसात के बावजूद भी योगासन कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले लोगों और बच्चों की सराहना की। जेपी नड्डा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर सिंह ने भी योग किया। यहां ओमप्रकाश धनखड़ ने भी योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया।

जेपी नड्डा सुबह छह बजे प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ बरसात के बीच गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल और फिर अमेरिका से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का योग दिवस पर लाइव उद्बोधन बड़ी स्क्रीन पर सुना। स्कूली बच्चों ने संगीतमई योगसन कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसके बाद सैकड़ों लोगों के साथ आधा घंटे तक जेपी नड्डा और ओपी धनखड़ ने योग किया।

कार्यक्रम समाप्ति के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि योग हमारी संस्कृति और विद्या है, जो हमारे मन, शरीर, आत्मा और बुद्धि को जोड़ती है। योग ऐसी विद्या है, जो आज दुनिया को सुख, शांति से जीने का तरीका सिखा रही है। नड्डा ने कहा कि योग जीवन को सुखद और बैलेंस बनाता है। आज हमारी यह योग विद्या दुनिया को जीने का तरीका सिखा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है कि जिस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग दिवस मनाने का प्रस्ताव दुनिया के सामने रखा था, आज वे भी न्युयॉर्क स्थिति युनाइटेड नेशन्स के हैडक्वार्टर में योग दिवस मना रहे हैं और दुनिया को संदेश भी दे रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी योग के प्रचार और प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति के प्रतीक योग को पूरी दुनिया में प्रसिद्धी दिलाई है, वह बताती है कि हमारी पुरातन योग विद्या कितनी महत्वपूर्ण है और इससे जीवन कितना स्वस्थ और सुखद होता है। नड्डा ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि हमें योग में अपने आपको शामिल करना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से विश्व ने योग को स्वीकारा: ओमप्रकाश धनखड़

राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ से जब पत्रकारों ने पूछा तो श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की बदौलत ही योग के महत्व को वैश्विक पटल पर स्वीकार किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धनखड़ ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य और विलक्षण धरोहर है और योग ही मानव के उत्तम स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने कहा कि योग पर केवल उद्बोधन और चर्चा नहीं, बल्कि योग का अभ्यास हमारे दैनिक जीवन का आधार बनता है तो हम अनेक बीमारियों से बचेंगे और स्वस्थ मन, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ आत्मा के साथ देश एवं समाज की सेवा कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि योग से मनुष्य अपने जीवन को साध सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योग कर्मों को कुशलता से करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि योग हमें यह बताता है कि अपने कर्मों को इतनी कुशलता के साथ करो कि कोई साइड इफेक्ट ना आए और कोई दुष्प्रभाव आपके जीवन पर ना आए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया कि आज उनके नेतृत्व में योग की कला पूरी दुनिया में फल-फूल रही है। धनखड़ ने कहा कि निश्चित ही सबके जीवन में योग की जगह होनी चाहिए और सबको रोजाना योग करना चाहिए, क्योंकि इससे मन, बुद्धि और आत्मा को भी साधा जा सकता है। इस मौके पर भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के सांसद धर्मवीर सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रमुख संजय मयूख, पूर्व केंद्रीय मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला उपायुक्त निशांत यादव, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी आदि अनेक भाजपा नेता भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।

error: Content is protected !!