भाजपा सांगठनिक रूप से पन्ना तक मजबूत पार्टी, मुकाबले में कोई दूसरा दल नहीं
लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अनेक पाप किए, जनता नहीं करेगी माफ

हिसार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा है कि पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसका साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है जबकि दूसरे दलों में ऐसा नहीं है। दूसरे दल अपने नाम के आगे राष्ट्रीय तो लिखते हैं लेकिन वहां पर मुख्य कुछ ही लोग होते हैं, कार्यकर्ता नहीं।

ओमप्रकाश धनखड़ आज गुरू जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित हिसार विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जो पन्ना तक पहुंची है। भाजपा के मुकाबले कोई ऐसा दूसरा दल नहीं है जो एक पन्ने के 15 परिवारों, यानि 60 वोटरों को साथ लेकर चल रही हो। उन्होंने कहा कि 1952 में जनसंघ की स्थापना हुई और उस समय हमने केवल संगठन बनाकर काम शुरू किया। वर्ष 1980 में भाजपा बनने के बाद और कई चुनाव लड़ने के बावजूद हमें ज्यादा सांसद नहीं मिले लेकिन हम अपने संगठन के सहारे लगातार आगे बढ़ते गए और वर्ष 2014 में केन्द्र व हरियाणा सहित अनेक राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो वर्ष 2019 में भी रिपीट हुई। जिन राज्यों में कभी सरकारें नहीं होती थी और केन्द्र में हमारे मात्र दो या चार सांसद जीतते थे, वहां पर बहुमत से सरकार बनना हमारे कार्यकर्ताओं व पन्ना प्रमुखों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता की ताकत बहुत बड़ी है, भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपनी बात कह सकता है लेकिन दूसरे दलों में ऐसी बात नहीं है।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद हमने अनेक आंदोलन किए, अनेक सेवा कार्य चलाए, जिनकी चहुंओर प्रशंसा हुई। पार्टी आगे बढ़ी तो हम भी आगे बढ़े और कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि हमें कार्यकर्ता के साथ-साथ सेवा कर्ता बनकर भी रहना है। हमने अपने पन्ने के 15 परिवारों, यनि 60 वोटरों से मिलना है, बातचीत करनी है और पता लगाना है कि उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। यदि कोई वंचित है तो हमें यह लाभ उन्हें उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन पारिवारिक संगठन है, कार्यकर्ता तपस्या करते करते कहीं भी पहुंच सकते हैं, लंबे समय तक धैर्य से काम करते रहिए, पार्टी सब देख रही है, भले ही कुछ दलों में राष्ट्रीय लिखा है लेकिन वास्तविक राष्ट्रीयता व राष्ट्रवाद केवल भाजपा में है, हमें जो दायित्व दिया जाता है, वह पूरा होना चाहिए, उसका आदर सम्मान भी मिलता है, कार्यकर्ता काम को समय देगा तो उसकी प्रशंसा भी होगी, दूसरों को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा के गीत ‘मेरे देश का पन्ना प्रमुख मेरे देश को बदलेगा’ का जिक्र करते हुए पन्ना प्रमुख की मजबूती का आह्वान किया।

कांग्रेस पार्टी व उसकी नीतियों की आलोचना करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भगवान राम लला को वर्षों तक टैंट व मस्जिद में बैठने के लिए कांग्रेस ने मजबूर किया, राम मंदिर का विरोध कांग्रेस ने किया, मंदिर के खिलाफ कांग्रेस ने 21 वकील खड़े किए, कांग्रेस की वजह से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस भारत वापिस नहीं आ सके, इसलिए हम नेताजी की पुण्यतिथि भी नहीं मना सकते, क्योंकि उनके बारे में कुछ पता भी नहीं चलने दिया, धारा 370 का पाप कांग्रेस ने ढोया। आज कांग्रेसी भगवान राम के नाम के विज्ञापन बना रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक रूप में भगवान राम व उनके मंदिर का विरोध करती रही है, ऐसी कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेसियों को मायावी की संज्ञा देते हुए कार्यकर्ताओं से सावधान रहने व जनता को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी आपके सामने किसी भी रूप में आ सकते हैं, लेकिन उनसे बचने की जरूरत है। केवल एक बात ध्यान में रखनी है कि आज विश्व में भारत का डंका केवल भाजपा व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से बज रहा है, पूरे विश्व में भारत का नाम उंचा है तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व व नीतियों की वजह से है।

भाजपा जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के अलावा के संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, सांसद बृजेन्द्र सिंह, डॉ. डीपी वत्स, जिला प्रभारी मनीष ग्रोवर, कैप्टन अभिमन्यु, श्रीनिवास गोयल, मेयर गौतम सरदाना व प्रदेश मंत्री सरोज सिहाग व हिसार विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!