रेवाड़ी। भाजपा ने प्रदेश में सत्ता में आने के बाद कई बड़े कदम उठाए हैं, जिनकी वजह से किसानों के जीवन में फर्क साफ दिखता है।

भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली ने कहा कि कांग्रेस सरकार के मुकाबले भाजपा की मनोहर लाल सरकार ने प्राकृतिक आपदा से फसलें नष्ट होने पर फसल नुकसान का मुआवजा राशि 6 हजार रुपए से बढ़ा कर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ किया गया है, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को लाभ मिला है। कांग्रेस सरकार के समय में किसानों को फसल नुकसान के मुआवजा राशि के रूप में पाँच-पाँच रुपए के चेक आया करते थे।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बैंकों से किसानों के लेन देन पर 2000 रुपए स्टांप ड्यूटी लेती थी मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद किसानों के हित में इस राशि को 100 रुपए कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कृषि एवं किसान कल्याण की केवल बात नहीं करती, बल्कि किसानों के हित में जरूरी कदम भी उठा रही है। देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जो कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करता है।

वंदना पोपली ने कहा कि प्रदेश की मनोहर लाल सरकार ने किसानों को फसल भुगतान 72 घंटे में कराने का निर्णय लिया और गत तीन फसल सीजन के दौरान किसानों को 56 हजार करोड़ रुपए का भुगतान सरकार की ओर से संबंधित एजेंसियों के माध्यम किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 19.70 लाख हरियाणा के किसानों के खातों में 4286 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और मौजूदा सरकार में से किसानों के हित में किसने बड़े निर्णय लिए हैं, यह साफ हो जायेगा।