चरखी दादरी जयवीर फौगाट,

28 अप्रैल, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ जिला चरखी दादरी की टीम जिला सचिव सुंदरपाल फौगाट के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री के गृह क्षेत्र यमुनानगर में चल रहे 24 घंटे के लिए क्रमिक अनशन में भाग लिया। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर राज्य संगठन सचिव सुख दर्शन सरोहा के साथ अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन पर बैठे।

जिला सह सचिव सुंदर पाल फौगाट ने बताया कि नए सत्र को शुरू हुए आज 28 दिन हो चुके हैं लेकिन एमआईएस पोर्टल जिस पर बच्चों के दाखिले होते हैं ठीक से काम नहीं कर रहा है। बच्चों के नए दाखिले न भी नहीं हो पा रहे हैं जो सरकार और शिक्षा विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। सरकार चिराग योजना व स्कूल मर्जर के नाम पर जन शिक्षा को बर्बाद करना चाहती है। चिराग योजना को वापस लेकर शिक्षा के सार्वजनिक ढांचे को मजबूत किया जाना चाहिए। 50 हजार से अधिक रिक्त पदों पर शिक्षा मंत्री की तरफ से टालमटोल कर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। वहीं रेगुलर भर्तियों की बजाय कौशल रोजगार निगम के तहत भर्तियों का झांसा देकर युवाओं के साथ फरेब किया जा रहा है। गैर शैक्षणिक कार्यों में अध्यापकों की संलिप्तता के बारे में भी शिक्षा मंत्री ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। एक तरफ तो कहते हैं कि यह कार्य गलत है लेकिन दूसरी तरफ उनके पास इसका कोई विकल्प नहीं है।

वही 2017 में नियुक्त जेबीटी अध्यापकों को स्थाई जिले आवंटित करते हुए सभी वर्गों के सामान्य तबादले जल्द से जल्द किए जाएं। प्रत्येक विद्यालय को प्रत्येक विषय का अध्यापक उपलब्ध करवाते हुए ट्रांसफर पॉलिसी बनाई जाए। सिविल सेवा 2012 नियमों में संशोधन करते हुए एसीपी के मामलों को दुरुस्त किया जाए। सेवा नियमावली में संशोधन कर अध्यापकों को राहत दी जाए। इस अवसर पर यमुनानगर जिला प्रधान संजय कंबोज व दूसरे साथी उपस्थित रहे। खंड बाढड़ा प्रधान डा. मनोज कुमार ने कहा जब तक सरकार शिक्षा विभाग में दुरुस्ती करण नहीं करती है तब तक हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ लगातार क्रमिक अनशन पर रहेगा एवं सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ता रहेगा।