भाजपा सरकार के बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ के दावे खोखले: डॉ. अशोक तंवर
प्रदेश महिला सुरक्षा के मामले में देश में सबसे निचले पायदान पर: डॉ. अशोक तंवर

चंडीगढ़, 15 अप्रैल – आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने शनिवार को बयान जारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पलवल विधानसभा के गाँव चांदहट में महिला हितैषी होने का ढोंग करते हैं। महिलाओं के हकों के लिए सत्याग्रह करने की बात करते हैं। जबकि महिला जूनियर कोच के साथ छेड़छाड़ करने वाला मंत्री उनकी कैबिनेट में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले जूनियर महिला कोच को न्याय दिलाने का काम करें और आरोपी मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा लें, अन्यथा कबीर कुटिया में सत्याग्रह करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में महिला अपराधों में 27 प्रतिशत इजाफा हुआ है। मुख्यमंत्री को चाहिए कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम करें। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों की खबरों से भरे रहते हैं।

डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर को जब सरकार जाती हुई दिख रही है तो वे जनता के साथ जनसंवाद करने निकले हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम को जनसंवाद का नाम दिया गया है। प्रदेश का हर वर्ग खट्टर सरकार की नीतियों से त्रस्त है।

वहीं डॉ. अशोक तंवर ने बताया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार में महिलाओं को फ्री बस यात्रा, बुजुर्ग महिलाओं को तीर्थ यात्रा फ्री और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं को 1000 रुपये गुजारा भत्ता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर को आईना दिखाने का काम आम आदमी पार्टी ही करेगी।