कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने पटौदी के आश्रम हरिमंदिर संस्कृत महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव को किया संबोधित, कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित थे कृषि मंत्री

गुरुग्राम, 09 अप्रैल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रदेश के किसानों पर जो प्रकृति की मार पड़ी है। उससे किसान संकट में है। सकंट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फ़सलों के नुकसान के आंकलन के लिए व्यापक स्तर पर गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल सहित वे स्वयं भी विभिन्न जिलों में जाकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। कृषि मंत्री शनिवार की रात पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय के तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में निरन्तर जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। अंत्योदय के भाव के साथ बनाई जा रही सरकारी नीतियों में पूरी पारदर्शिता के साथ समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा एक हरियाणवी एक कि भावना के साथ प्रदेश के सभी जिलों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारी निःस्वार्थ सेवा का ही परिणाम है कि प्रदेश की जनता ने वर्ष 2019 में हमे फिर से जनसेवा का आशीर्वाद दिया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिक सुखी रहें इसी उद्देश्य से पुरानी परंपराओं को तोड़ते हुए हरियाणा में निरंतर व्यवस्था परिवर्तन का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और सुराज के लिए प्रतिबद्ध है। भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का पूरा लाभ उसके वास्तविक रूप से पात्र हितग्राही तक समय-सीमा में पहुंचे, सुशासन के इसी मूलमंत्र के साथ हम निरन्तर धरातल पर सेवा कार्य कर रहे हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि यह हमारी सेवा का ही परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सर्वाधिक सदस्यों वाली पार्टी बनी है। जिसके प्रत्येक सदस्य में समाज सेवा का भाव सदैव अग्रणी रहता है। कृषि मंत्री ने अपने संबोधन में आश्रम हरि मंदिर को 21 लाख रुपये की राशि देने घोषणा भी की।

इस अवसर पर महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव, पटौदी के विधायक सत्य प्रकाश जरावता, बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा, थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, एसडीएम संजीव सिंगला, पशुपालन विभाग की उपनिदेशक पुनिता गहलावत, तहसीलदार रीटा ग्रोवर, नायब तहसीलदार सुरजीत सिंह, भाजपा नेता नवीन गोयल, गुरुग्राम होम डेवेलोपेर्स एसोसिएशन की टीम से नरेंद्र यादव व दिनेश नागपाल, पटौदी नगर पालिका के प्रधान चंद्रभान सहगल, राधेश्याम मक्कड़ सहित काफी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए आश्रम के भक्तगण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!