पांच हजार ट्री-गार्ड लगाने के लिए गृह मंत्री अनिल विज ने व्यापारिक, सामाजिक, धार्मिक, एनजीओ एवं अन्य संस्थाओं से सहयोग का किया आह्वान

25 से ज्यादा लोकेशनों पर लगेंगे विभिन्न प्रजातियों के बड़े और छोटे पौधे, बेहतर बनेगा पर्यावरण : मंत्री अनिल विज  

अम्बाला, 03 अप्रैल।हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य श्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी को हरा-भरा बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया विभिन्न प्रजातियों के 50 हजार पौधे अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे। वहीं, मुख्य स्थानों पर पौधों की सुरक्षा के लिए पांच हजार ट्री-गार्ड लगाने हेतु गृह मंत्री अनिल विज ने  व्यापारिक, सामाजिक, धार्मिक, एनजीओ एवं अन्य संस्थाओं से सहयोग का आह्वान भी किया है ताकि पौधों के बड़े होने तक उनकी सुरक्षा हो सके।

गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि पौधों को लगाने के लिए 25 से ज्यादा लोकेशन तय भी कर ली गई है जहां पर यह पौधेरोपण होगा। सड़कों के किनारों पर, पार्कों, पंचायती भूमि, विभिन्न स्कूलों एवं अन्य क्षेत्रों में भी पौधेरोपण होगा। कई स्थानों पर बड़े पौधे लगाए जाएंगे तो कई स्थानों पर छोटे पौधे लगेंगे। पौधों को वन विभाग एवं नगर परिषद के सहयोग से लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अम्बाला छावनी को हरा-भरा बनाने के लिए पौधरोपण का यह प्लान तैयार किया गया है जिससे अम्बाला छावनी में पर्यावरण भी बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि मुख्य स्थानों पर पौधों की सुरक्षा के लिए पांच हजार ट्री-गार्ड भी लगाए जाएंगे। इन ट्री-गार्ड को उपलब्ध कराने के लिए गृह मंत्री अनिल विज ने विभिन्न व्यापारिक एवं अन्य संगठनों से सहयोग का भी आह्वान किया है। मुख्य स्थानों पर पौधों को प्रारंभ में बचाने के लिए ट्री-गार्ड लगाने जरूरी हैं और यहीं वजह है कि पांच हजार ट्री-गार्ड लगाने का निर्णय लिया गया है।

अम्बाला छावनी में इन लोकेशन पर होगा पौधरोपण

अम्बाला-साहा रोड पर जनता स्वीट्स से लेकर इंडस्ट्री एरिया तक छोटे और बड़े विभिन्न किस्म के पौधे लगाए जाएंगे, गांधी ग्राउंड के निकट प्रस्तावित नाइट फूड स्ट्रीट साइट के पास पौधरोपण होगा, गांधी ग्राउंड में साइकिल ट्रैक के पास, गांव पंजोखरा साहिब में पंचायती भूमि पर, अम्बाला छावनी से हंडेसरा तक, पंजोखरा साहिब रोड पर तोपखाना से पंजोखरा साहिब तक, पंजोखरा साहिब से बसौली रोड तक पौधरोपण होगा। इसी तरह पंजोखरा माइनर के आसपास एवं पंजोखरा साहिब से खतौली तक पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा जीटी रोड पर रोड के दोनों किनारों पर लगभग 11 हजार बड़े एवं छोटे पौधे लगाए जाएंगे। टांगरी बांध रोड पर जगाधरी रोड से बब्याल तक, उगाड़ा-बाड़ा के क्षेत्र में एवं इसके साथ लगते सैन्य क्षेत्र में पौधरोपण होगा। इसी तरह करधान पार्क में, रामपुर सरसेहड़ी पार्क में, बाड़ा से धुराली रोड पर, शाहपुर से घसीटपुर लिंक रोड पर पौधरोपण होगा। इसी तरह कैंटोनमेंट बोर्ड व सैन्य क्षेत्र के अलावा गांव बाड़ा, शाहपुर, गरनाला एवं बरनाला की पंचायती जमीन पर पौधरोपण किया जाएगा। अम्बाला छावनी में कई स्कूलों में भी पौधरोपण किया जाएगा।

इन प्रजातियों के पौधों से हरा-भरा बनेगा अम्बाला छावनी

अम्बाला छावनी में पौधरोपण के लिए कई प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे जिनमें फल-फूल के अलावा बेल एवं अन्य किस्में शामिल हैं। इनमें मौलसरी, टीकोमा, अमलतास, कचनार, गुलमोहर, जैकरांडा, कचनार, हार श्रृंगार, कनेर, चम्पा, अमरूद, अर्जुन, बैम्बू, गुडहल, बेलपत्तर, बॉटल ब्रश, कसूद, सिल्वर ओक, मेहंदी, लाल कनेर, कनक चम्पा, गुलाब, चांदनी, बोगनबेल, पॉम, चकारसिया, लिजिसटोमिया, सदाबहार, एवं अन्य प्रजातियां शामिल हैं।

गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों से सुभाष पार्क एवं कई सड़कों पर छाई हरियाली

गौरतलब है कि गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी को हरा-भरा बनाया जा रहा है और अब तक हजारों विभिन्न किस्म के पौधे पूर्व में विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं। अम्बाला छावनी के मुख्य सदर बाजार, निकलसन रोड, राय मार्केट, रेलवे रोड, डीसी रोड, अम्बाला-साहा रोड पर सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं जिससे अब इन सड़कों पर हरियाली लहलहा रही है और अलग ही नजारा देखने को मिलता है। इसी तरह सुभाष पार्क को आधुनिक रूप देते हुए यहां विभिन्न प्रजातियों के हजारों पौधे लगाए जा चुके हैं जोकि सुभाष पार्क की शोभा को कई गुणा बढ़ा रहे हैं।

error: Content is protected !!