अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी – मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 28 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कार्य में कोताही बरतने पर सख्त संज्ञान लेते हुए नगर निगम सोनीपत में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता गौरव गुलिया तथा नगर पालिका, जुलाना के सचिव ललित गोयल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री आज यहां नगर दर्शन पोर्टल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता उपस्थित थे।

श्री मनोहर लाल नगर दर्शन पोर्टल पर शहरी निकायों से संबंधित नागरिकों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित भेजी गई मांगों और उन पर चल रहे कार्यों के बारे में विस्तार से समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान विकास कार्यों के क्रियान्वयन में देरी तथा कुछ अनिमियतताएं पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने उपरोक्त दोनों अधिकारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से करवाना सुनिश्चित करना है। अधिकारियों व कर्मचारियों के स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें।

बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी उमाशंकर और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक श्री डी के बेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!