भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में सरसों के खेत में फव्वारा लाइन बदलते समय पाइप के तारों से छूने के कारण करंट लगने से छुट्टी पर आए गांव ककराला निवासी सेना के जवान की मौत हो गई। 30 वर्षीय कुमाऊं रेजिमेंट का जवान अरुण कुमार 20 दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था। शनिवार दोपहर में सैनिक अपने खेत में फव्वारा लाइन बदलने गया था।

जब फव्वारा लाइन बदल रहा था तो ऊपर से गुजर रही 11 हजार हाई वोल्टेज लाइन से पाइप छू गया। करंट लगने से जवान अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। नजदीक ही खेत में उसके ताऊ का लड़का हरीश भी था।

हरीश ने आसपास के लोगों की सहायता से घायलावस्था में उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार देने के बाद हाई सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के ताऊ के लड़के नरेश कुमार ने बताया कि अरुण कुमार अब 20 दिन की छुट्टी के साथ अरुणाचल प्रदेश यूनिट से अपने गांव ककराला में आया हुआ था। 19 फरवरी को अवकाश पूरा होने के बाद मानेसर रिपोर्टिंग करनी थी।

जवान को इसी माह लिवलान (विदेश ) जाने के लिए वापस रिपोर्ट करनी थी। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में जवान के शव का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। जवान के 8 वर्षीय बेटा अंश के रूप में एक संतान है तथा छोटा भाई विपिन भी 11 कुमाऊं रेजिमेंट में अपनी सेवाएं दे रहा है।

error: Content is protected !!