पटौदी, 4 फरवरी। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सुखबीर तंवर ने आज पटौदी कार्यालय पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं सांसद संदीप पाठक की टीम दुवारा आयोजित वॉलिंटियर्स मैपिंग कार्यशाला के उपरांत कहा कि पटौदी विधानसभा क्षेत्र में आज से वॉलिंटियर्स मैपिंग एवं झंडा अभियान प्रारंभ हो गया है। समस्त पटौदी विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की मेक इंडिया नंबर वन विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को चिन्हित करके गावों और शहरों में बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रदेश, जोन, जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठन को भंग किया जा चुका है। संगठन के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जारी है। सभी कट्टर ईमानदार एवं देशभक्त और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जायेंगी।

राष्ट्र की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार अतीत में विभिन्न सरकारों दुवारा जनता के गाढ़े खून-पसीने की आय से अर्जित विभिन्न करों दुवारा निर्मित सरकारी उपक्रमों को बेच रही है, जिससे सरकारी रोजगार में भारी गिरावट आ रही है। अनेक पूंजीपति लाखों करोड़ का घोटाला करके सरकारी संरक्षण में राष्ट्र से विदेशों मे भाग चुके है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी समूह के निरंतर गिरते शेयर और केंद्र सरकार की चुप्पी आश्चर्यजनक है। अगर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में सच्चाई है फिर राष्ट्र की विभिन्न संस्थायें क्या कर रही थी। अडानी समूह की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक और जीवन बीमा निगम का धन किसके निर्देश पर निवेश किया गया। अनेक उदाहरण हैं जिनसे ये प्रमाणित होता है कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों की पोषक और आम आदमी की शोषक है। केंद्र सरकार निरंतर बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर अंकुश लगाने में पूर्णतया विफल हो चुकी है। केंद्रीय बजट में 80 करोड़ आबादी को अगले एक वर्ष तक मुफ्त राशन की घोषणा और मनरेगा में 30% कटौती इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। शिक्षा और स्वास्थ्य से सरकार का सरोकार समाप्त हो चुका है। बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कटौती इसका ज्वलंत उदाहरण है।

प्रदेश की गठबंधन सरकार पोर्टल के खेल में व्यस्त है। परिवार पहचान पत्र में मनमाफिक आंकड़े प्रदर्शित करके पहले 5 लाख से ज्यादा बुजुर्गों, विधवाओं और विकलांगों की पेंशन काट दी। इसके बाद दस लाख से ज्यादा गरीबी रेखा से नीचे के राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड काटे जा चुके हैं। पंचायती राज के दुवारा होने वाले विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों को भाजपा शासन के करीब 9 वर्षों मे से 4 वर्ष से ज्यादा पंचायती राज के चुनाव नही करवाकर मरहूम रखा गया। पंचायती राज व्यवस्था की आर्थिक शक्तियों को 20 लाख से घटाकर 2 लाख तक सीमित करना अन्यायपूर्ण ही नही पंचायती राज प्रतिनिधियों की ईमानदारी और निष्ठा पर भी प्रश्नचिन्ह है। प्रदेश में चहुंओर भ्रष्टाचार व्याप्त है। सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। अस्पतालों में डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ और सुविधाओं की भारी कमी है। क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। सरकारी परिवहन व्यवस्था नदारद है। सरकार मस्त है, जनता त्रस्त है। इन सभी बेकयादगियों और अव्यवस्थाओं के विरोध में आम आदमी के सहयोग से आम आदमी पार्टी संघर्ष करेगी और दिल्ली-पंजाब की तर्ज पर आम आदमी के जीवन को सुगम बनायेगी।

वॉलिंटियर्स मैपिंग कार्यशाला मे पूर्व जिला संयोजक मुकेश डागर, कुलदीप यादव, सुरेंदर शेरपुर, सुरेश सैनी, जयनारायण बजाडिया, मुकेश चौधरी, सुदेश शर्मा, विनोद जांगड़ा, सुदेश खनगवाल, रामनिवास सरपंच, बिशम्बर थानेदार, अंकित सांभरिया, श्रणानंद गुलिया, संदीप यादव, छन्नूराम बावरिया, रविंदर सिंगला, मंसूर अली, तारिफ, विजय कुमार, नवल सिंह, राजेश कुमार, लखपत रॉय, अमित, विकास, कर्मजीत, अशोक, कूड़ेराम, राजेंद्र, प्रिंस शर्मा, सुनील, महाबीर मेहरा, कृपाल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।