जूनियर कोच से उत्पीड़न मामले में खेल मंत्री की गिरफ्तारी की मांग
जल्द से जल्द खेल मंत्री की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी नहीं होती तो आंदोलन तेज करेगी आम आदमी पार्टी : अनुराग ढांडा
मुख्यमंत्री खट्टर खेल मंत्री के बचाव में खड़े : अनु कादयान

चंडीगढ़, 4 जनवरी – आम आदमी पार्टी महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष अनु कादयान के आह्वान पर बुधवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में थाली बजाओ सरकार जगाओ अभियान के तहत रोष प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन जींद, अंबाला, यमुनानगर, रोहतक, चरखीदादरी, सांपला, हिसार, आदमपुर, भिवानी और प्रदेश के तमाम जिलों में किया गया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर महिला खिलाड़ी का उत्पीड़न करने वाले खेल मंत्री संदीप सिंह को तुरंत बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में आम आदमी पार्टी महिला विंग के नेतृत्व में लोगों ने थाली बजाकर सोयी हुई खट्टर सरकार को जगाने का प्रयास किया है। अगर खेल मंत्री की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी नहीं होती तो आम आदमी पार्टी का एक एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन को तेज करेंगे।

रोहतक में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन में शामिल महिला विंग अध्यक्ष अनु कादयान ने कहा कि अगर जल्द से जल्द खेल मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आम आदमी पार्टी आंदोलन तेज करने पर मजबूर होगी।
महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष अनु कादयान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी पीड़िता के साथ खड़े होने की है। जबकि रोजाना अनर्गल बयानबाजी करके वे खेल मंत्री को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का एक एक कार्यकर्ता पीड़िता के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है। जब तक न्याय नहीं हो जाता आम आदमी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।