जिस देश व समाज में नारी की पूजा की जाती है वहां देवताओं का वास होता है : राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय

चण्डीगढ़, 3 जनवरी – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि जिस देश व समाज में नारी की पूजा की जाती है वहां देवताओं का वास होता है। वही देश और समाज तरक्की करता है।

यह बात आज उन्होंने राजभवन में सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर उनको नमन करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने अपने पति महात्मा ज्योतिबा फुले के साथ अस्पृश्यता, आधिपत्य, जातिवादी व्यवस्था, समाज विरोधी व यथास्थितिवादी ताकतों के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लडक़र महिलाओं की शिक्षा के लिए क्रान्तिकारी अभियान शुरू किया। जिसकी बदौलत महिलाओं को चुल्हा चौका से आगे बढऩे का अवसर मिला।

श्री दत्तात्रेय ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने समाज के कमजोर वर्गों विशेष रूप से पिछड़े, अनुसूचित जातियों और जनजातियों की लड़कियों को शिक्षा की चौखट तक पहुंचाया। उन्होंने उनके लिए स्कूल खोले और ऐसे समय में लाखों लोगों के जीवन में शिक्षा के रूप में आशा की किरण जगाई जब स्कूलों में जाना तो दूर की बात थी, कोसों दूर तक स्कूल ही नहीं थे।

श्री दत्तात्रेय ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का भारतीय समाज में महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। सावित्रीबाई फुले, जो नारी शक्ति की प्रतीक हैं और नारी सशक्तिकरण की महान क्रांति की अग्रदूत बनी। नारी सशक्तिकरण का विषय अब केंद्र और राज्य सरकारों का मुख्य केंद्र बन गया है। इसका श्रेय भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले को जाता है। आज देश उनकी जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए दिखाए गए मार्ग का अनुसरण सभी को अपने सच्चे मन आत्मा और भावना से करना चाहिए। उन्होंने हर तरह से महिलाओं के लिए समानता की लड़ाई लड़ी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!