कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का करेंगी शुभारंभ

हरियाणा की 3 परियोजनाओं की भी करेंगी शुरुआत

30 नवंबर को हरियाणा के खिलाड़ियों से करेंगी बातचीत, बे‌टी बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान पर भी करेंगी चर्चा

चंडीगढ़, 28 नवंबर – भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। 29 और 30 नवंबर को राष्ट्रपति हरियाणा में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। आज प्रातः 10:30 बजे राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पहुंचेगी, जहां वे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद् गीता पर पुष्प अर्पित कर गीता पूजन करेंगी और गीता यज्ञ में अपनी पूर्ण आहूति डालेंगी। इसके पश्चात श्रीमती द्रोपदी मुर्मू राज्य प्रदर्शनी, हरियाणा पैवेलियन, शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी। साथ ही, राष्ट्रपति इस बार के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के भागीदार राज्य मध्य प्रदेश के पैवेलियन का भी अवलोकन करेंगी।       

इसके बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 11:30 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवद् गीता सदन में अन्तर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लेंगी और यहीं से हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास करेंगी। इनमें हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था, निरोगी हरियाणा योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशीला रखा जाना शामिल है।

हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का करेंगी शुभारंभ       

राष्ट्रपति श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ करेंगी। प्रारंभिक चरण में 6 डिपो अर्थात् चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई – टिकटिंग परियोजना को लागू किया जाएगा। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।

निरोगी हरियाणा योजना       

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू निरोगी हरियाणा योजना का भी शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चैकअप किया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है।

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सिरसा की रखेंगी आधारशिला       

राष्ट्रपति सिरसा जिले में 21 एकड भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगी। यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इससे सिरसा जिले व आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।       

इन परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर बाद 2:30 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र के 18वें दीक्षात समारोह में मुख्य-अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और पास-आऊट विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करेंगी। तत्पश्चात राष्ट्रपति 4:20 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेगी, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद, करीब 5 बजे श्रीमती द्रौपदी मुर्मू स्टेट गेस्ट के तौर पर हरियाणा राजभवन, चंडीगढ़ पहुंचेगी। हरियाणा राजभवन में उनके आगमन के उपलक्ष्य में सायं 6:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।       

30 नवंबर को अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू प्रातः 9:30 बजे आशा वर्कर्स व अन्य हितधारकों से सीधा संवाद करेंगी और उनसे बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सफलता के बारे में जानेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति हरियाणा के खिलाड़ियों कुछ स्कूली छात्राओं से भी संवाद करेंगी।

error: Content is protected !!