निजामपुर के क्रेशर पर जाली साफ करते एक मजदूर की दर्दनाक मौत

जाली की सफाई करते करते समय बेल्ट में शाल फंसने से हुई दुर्घटना

भारत सारथी/ कौशिक
नारनौल। निजामपुर क्षेत्र में बने क्रेशर जोन में एक क्रेशर पर जाली से जुड़ी बेल्ट में शाल फंसने से एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक झारखंड के रांची का रहने वाला था और आदिवासी जाति से संबंध रखता था। पुलिस ने उसके साथी के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।

रांची झारखंड निवासी मनोज उरांव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब 2 महीने पहले वह तथा खलु उरांव और बिरसा उरांव मजदूरी का काम करने के लिए गांव बायल में बाबा रूपदास क्रेशर प्लांट पर आए थे। जिसका मालिक रोहतक निवासी अशोक मलिक है। वहां पर चरखी दादरी के मनेठी गांव का मनमोहन मुंशी देखरेख का कार्य करता है।

इस प्लांट में क्रेशर का कार्य चल रहा था। जिसके झारने (जाली) को विरशु उरांव साफ करने के लिए ऊपर चढ़ा था। ठंड होने के कारण उसने शाल ओढ़ा हुआ था। शिकायत में बताया गया कि मशीनरी के आसपास मालिक व मुंशी द्वारा कोई सुरक्षा कवच या सेफ्टी जाली नहीं लगाई गई थी। जिसके कारण बिरशु का शाल मशीन की बेल्ट में फंस गया। इससे उसका गला दब गया। दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रवासी मजदूर का आरोप है कि यह हादसा मुंशी और क्रेसर मालिक की लापरवाही के कारण हुआ है। उसने बताया कि मृतक वर्ष की उम्र करीब 34 वर्ष थी तथा वह शादीशुदा था और 4 बच्चों का पिता था।

You May Have Missed

error: Content is protected !!