-चुनाव प्रचार थमने तक आदमपुर में ही रहेंगे विधायक सुधीर सिंगला
-शुक्रवार से कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रचार की थामेंगे कमान

गुरुग्राम। गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला शुक्रवार से आदमपुर उप-चुनाव की कमान संभालेंगे। वे कार्यकर्ताओं के साथ वहां चुनाव प्रचार थमने तक प्रचार करेंगे। विधायक सुधीर सिंगला ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शुक्रवार को सीधे आदमपुर कार्यालय पहुंचे। वहीं से प्रचार की शुरुआत की जाएगी।

विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि आदमपुर उप-चुनाव हर हाल में भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी। जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के सभी नेता जमीनी स्तर पर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता विकास पर वोट करके भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को विजयश्री दिलाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरे हरियाणा में समान विकास करके लोगों का दिल जीता है। वे सदा समान विकास के पक्षधर रहे हैं। हर वर्ग के लिए सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। सरकार के 8 साल पूरे हो गए हैं। इन 8 वर्षों में प्रदेश सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, उद्योग समेत सभी क्षेत्रों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राहत दी है। प्रदेश में मूलभूत ढांचा मजबूत किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हम मजबूत हुए हैं। हरियाणा के खरखोदा में मारुति सुजूकी व सुजूकी का नया प्लांट स्थापित होना इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा में खूब निवेश हो रहा है। प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए उद्योगों में हरियाणवियों को 75 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इससे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से काफी अहम निर्णय लिए गए हैं। खेतों तक पानी पहुंचाने की बात हो या फिर खेतों में ट्यूबवैल की बात हो, सरकार ने किसानों को खूब लाभ दिया है। ट्यूबवैल चलाने के लिए बिजली की बजाय प्राकृतिक स्रोतों से ऊर्जा को बढ़ाया दिया गया है। अब हरियाणा के खेतों में सौर ऊर्जा से ज्यादातर काम हो रहा है। यह बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि इन सब कार्यों की बदौलत ही प्रदेश की जनता मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार को पसंद करती है। आदमपुर चुनाव में भी इनकी झलक नजर आएगी। सरकार विकास के कार्यों पर वोट देकर भव्य बिश्नोई को विधानसभा में भेजेगी।

error: Content is protected !!