पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर दिखाया बाहर का रास्ता : डॉ. सुशील गुप्ता
सर्वे के आधार पर बनाते हैं प्रत्याशी, टिकट बेचने के आरोप निराधार : डॉ. सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी में निजी महत्वाकांक्षा का कोई स्थान नहीं : अनुराग ढांडा

हिसार, 12 अक्टूबर – आम आदमी पार्टी ने हिसार में पूर्व जिला पार्षद रामप्रसाद गढ़वाल को पार्टी से बाहर कर दिया। पार्टी विरोधी गतिविधियां करने के आरोप में उन्हें पार्टी से निकाला गया। बुधवार को पार्टी के हरियाणा प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। उनके साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण प्रभाकर गौड़ भी मौजूद रहे।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव में सर्वे करवा कर टिकट दी है। कई साथी टिकट की दौड़ में थे। सर्वे में सतेंद्र कुमार का नाम टॉप पर आया। राम प्रसाद गढ़वाल को सर्वे की स्थिति के बारे में बताया गया।

टिकट के लिए ही आए थे गढ़वाल
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि राम प्रसाद गढ़वाल थोड़े दिन पहले जजपा छोड़कर आप में आए थे। वह टिकट चाहते थे, परंतु टिकट न मिलने पर वे पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए। इसलिए उन्हें आज से पार्टी से निष्कासित किया गया। उन्होंने बताया कि एक दो दिन में भाजपा के कुछ बड़े नेता भी आम आदमी पार्टी से जुड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आदमपुर हल्के के एक एक गांव और एक एक घर में जाकर आम आदमी पार्टी की नीतियों का प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि हर गांव में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पहुंच है।

भव्य बिश्नोई पर साधा निशाना, जीते तो मिलने अमेरिका जाना पड़ेगा

डॉ. गुप्ता ने भव्य बिश्नोई पर निशाना साधते हुए कहा कि भव्य अमेरिका से आए हैं और चुनाव दादा और पिता के नाम पर लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कुलदीप से मिलने के लिए जनता को हजारों खर्च कर दिल्ली जाना पड़ता था, अब इन्हें मिलने के लिए विदेश जाना पड़ेगा।

टिकट के लालच में पार्टी से जुड़े थे गढ़वाल

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि रामप्रसाद गढ़वाल में टिकट की घोषणा होने पर कह दिया कि मैं तो सिर्फ टिकट के लिए आया था। उन्होंने पार्टी छोड़ने की बजाए दूसरी पार्टी के साथ मिलकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लिया। वे लालच के साथ जुड़े थे, परंतु उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी। पार्टी को ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं होगी। पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। हमारी पार्टी में पैसे, सिफारिश नहीं चलती। आप का बहुत ही माना हुआ सिद्धांत है, पार्टी सर्वे के आधार पर टिकट देती है। आकंड़ों के आधार पर टिकट दिया गया।

आप पार्टी के उम्मीदवार सतेंद्र सिंह 6 अगस्त को दिल्ली तालकटोरा स्थित कोठी नंबर 15 में चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर कांग्रेस की टिकट मांगने गए थे, जब वहां टिकट नहीं मिली तो उन्होंने आप पार्टी में टिकट हासिल कर ली। अब यह तो आप पार्टी ही बता सकती है कि इतने कम समय में किस प्रकार उन्होंने पार्टी के लोगों से पहचान बनाई और सर्वे में विजय पाई।

वहीं वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी में निजी महत्वकांक्षा का कोई स्थान नहीं है। कई एजेंसियों के सहयोग से सर्वे करवाने के बाद ही टिकट फाइनल की गई है। उन्होंने कहा कि जनता की राय के हिसाब से टिकट तय की गई है। आदमपुर की जनता भी परिवर्तन चाहती है।