अहीर मतदाताओं को साधने के लिए दान सिंह पर खेला गया दांव 

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। प्रदेश में भाजपा की सरकार में दक्षिण हरियाणा की अहम भूमिका रही थी। पिछले दिनों भाजपा द्वारा राव इंद्रजीत को दरकिनार करने के बाद कांग्रेस ने दक्षिण हरियाणा में अपने पैर जमाने की कवायद शुरू कर दी है।

सात सितंबर शुरू होने वाली

भारत जोड़ो यात्रा के लिए दक्षिण हरियाणा के कांग्रेस दिग्गज नेता राव दानसिंह को प्रदेश संयोजक बनाया गया है, ताकि कांग्रेस दक्षिण हरियाणा में भाजपा की पकड़ ढ़ीली होने के बाद अपनी पकड़ बना सकें। दक्षिण हरियाणा में तीन लोकसभा व 30 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। प्रदेश में पहली बार बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने में दक्षिण हरियाणा की अहम भूमिका रही थी। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा के दो सांसद तथा वर्ष 2019 में दक्षिण हरियाणा की तीनों सीट पर भाजपा सांसद विजयी हुए थे। वहीं विधानसभा चुनाव में दक्षिण हरियाणा की सभी सीटों पर भाजपा विजयी हुई थी। दक्षिण हरियाणा में मिली जीत की बदौलत ही भाजपा ने पहली बार हरियाणा में सरकार बनाई थी। भाजपा के साथ-साथ अब कांग्रेस ने दक्षिण हरियाणा में अपना वर्चस्व बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद सिंह हुड़्डा के खासे माने जाने वाले पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं महेंद्रगढ़ के विधायक राव दानसिंह को भारत जोड़ो यात्रा का संयोजक बनाया है, ताकि दक्षिण हरियाणा में अपनी पकड़ बनाई जा सकें तथा यादव वोटरों को अपने साथ जोड़ा जा सकें।

राव इंद्रजीत सिंह के दरकिनार का कांग्रेस को मिल सकता है लाभ

भाजपा सांसद राव इंद्रजीत द्वारा लगातार पार्टी के खिलाफ दिए जा रहे ब्यानों के बाद भाजपा दक्षिण में राव इंद्रजीत सिंह का विकल्प तलाश रही है। भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव डा. सुधा यादव को संसदीय बोर्ड व केंद्रीय चुनाव समिति का सदस्य बनाकर दक्षिण हरियाणा में अपनी पकड़ बनाए रखना चाहती है। वर्ष 2014 और 2019 के चुनावी नतीजे इस बात के गवाह है कि भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने में दक्षिणी हरियाणा के मतदाताओं ने अहम भूमिका निभाई थी। वहीं दक्षिण हरियाणा में भाजपा की जीत का एक मुख्य कारण राव इंद्रजीत सिंह के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होना भी रहा था, लेकिन भाजपा द्वारा लगातार राव इंद्रजीत सिंह को दरकिनार करने का लाभ कांग्रेस को मिल सकता है।

यात्रा का केंद्र बिंदु हो सकता है दक्षिण हरियाणा

सूत्रों की माने तो कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का केंद्र दक्षिण हरियाणा रहेगा। कांग्रेस रेवाड़ी या महेंद्रगढ़ जिला में जल्द ही एक राज्यस्तरीय रैली कर सकती है। प्रदेश की बात की जाएं तो जाट बेल्ट में कांग्रेस की अच्छी पकड़ मानी जाती है। जाट बेल्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की जाटों के साथ-साथ किसानों व गैर जाट मतदाताओं में अच्छी पकड़ है। कांग्रेस की उम्मीद कर रही है कि अगर दक्षिणी हरियाणा में पार्टी में थोड़ी ओर मजबूती मिल जाएंगी तो अगले चुनाव कांग्रेस वापिसी कर सकती है। भारत जोड़ो यात्रा का संयोजक पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक राव दान सिंह को बनाया गया हैं। जिनकी महंेद्रगढ़ जिले में अच्छी पकड़ मानी जाती है। इसके अलावा पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव भी दक्षिण हरियाणा में एक बड़ा नाम है।

error: Content is protected !!