विधायक सोमबीर सांगवान ने प्रगति रैली में दादरी के लिए खेल विश्वद्यालय व बड़े जलघर सहित रखी अनेक मांग
स्थानीय भाजपा नेताओं ने सीएम के समक्ष रखी अपने-अपने क्षेत्र की मांग
सोमबीर-बबीता ने दादरी तो सुखविंद्र ने बाढड़ा विधानसभा के लिए रखी डिमांड

चरखी दादरी जयवीर फोगाट,

08 जुलाई, दादरी की प्रगति रैली को संबोधित करते हुए विधायक सोमबीर सिंह सांगवान ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने शासनकाल में जितना दादरी जिले का विकास करवाया है, उतना आज से पहले किसी सरकार ने नहीं किया। गुरूग्राम की तर्ज पर दादरी को हरियाणा का सबसे विकसित जिला बनाकर मुख्यमंत्री इस इलाके के पिछड़ेपन को दूर करने का काम करेंगे। उन्होंने दादरी में एक आधुनिक खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की भी मांग रखी।

स्थानीय नई अनाज मंडी परिसर में प्रगति रैली को संबोधित करते हुए विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ही दादरी को वर्ष 2016 में प्रदेश का 22 वां जिला बनाने का काम किया था। इससे पहले दादरी केवल एक बड़े गांव के रूप में ही प्रसिद्घ था। अब जिला बनने के बाद यहां धीरे-धीरे विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। उन्होंने उपस्थित विशाल जनसमूह की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इलाके की प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। विधायक सोमबीर सिंह ने कहा कि दादरी जिला को हर माह सात सौ क्यूसेक पानी की आवश्यकता है, जबकि यहां फिलहाल 400 क्यूसेक नहरी पानी की आपूर्ति की जा रही है। पीने के पानी की समस्या का समाधान करने के लिए लोहारू कैनाल के समीप भिवानी रोड पर हुडा की करीब तीस एकड़ भूमि में पेयजल आपूर्ति के लिए बड़ा जलघर बनवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीवरेज समस्या शहर की बदहाल हो चुकी है। सीवरेज सिस्टम को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री कोई बड़ी योजना को यहां लागू करवाएं।

सीसीआई जमीन का आद्योगिक प्रयोग किया जाए : विधायक सोमबीर सांगवान

प्रगति रैली के आयोजक विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि दादरी शहर की सीसीआई की जमीन में सरकार व्यवसायिक प्लाट या औद्योगिक विकास के लिए इस्तेमाल करे। जिससे कि इस भूमि का सदुपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि दादरी की धरती खिलाड़ियों की जननी है, जिसके इतिहास को देखते हुए और यहां के खिलाडिय़ों का भविष्य सुधारने के लिए यहां एक अत्याधुनिक खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए।

रैली में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि नगरपरिषद के चुनाव में दादरी की जनता ने भाजपा प्रत्याशी बख्शीराम सैनी को जीता कर एक बड़ी कामयाबी दिलवाई है। उम्मीद है कि आगे भी दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में जिला की सरदारी भाजपा प्रत्याशियों के हक में ही अपना फैसला देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी दादरी के लिए अनेक तोहफे लेकर आए हैं। उन्होंने दादरी में हसान पाना में बन रही जाट धर्मशाला, प्रजापत व सैन समाज की धर्मशालाओं के लिए अनुदान की अनुशंसा की।

भिवानी महेंद्रगढ़ क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री दादरी जिला रूपी पौधे को खाद-पानी देकर बड़ा करें। यह जिला रूपी पौधा उन्हीं का लगाया हुआ है। नहरी पानी, राजस्व विभाग, कृषि विभाग, फसल बीमा योजना, चकबंदी आदि मुद्दों पर सांसद ने पूरे संसदीय क्षेत्र की एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाए जाने की मुख्यमंत्री से गुजारिश की। प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव में अपनी राजनैतिक कुशलता का परिचय दिया है। उन्होंने घग्गर नदी के जलप्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। हिसार से आए स्थानीय निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कहा कि दादरी से उनका पुराना लगाव है, इसलिए मुख्यमंत्री से वह यहां की सभी मांगों को पूरा करने का अनुरोध करते हैं।

पेयजल परियाजनाओ की शुरुआत हो : मांढी

पूर्व विधायक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र मांढी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से आज निमड़़ बडेसरा सिरसली गांवों के लिए पेयजल परियोजना का शुभारंभ किया है, उसी प्रकार से गांव ढाणी फौगाट, दूधवा, मकड़ाना,दातौली, घसोला आदि के लिए भी पेयजल परियोजना कीशुरूआत करवाएं। उन्होंने जावा, बधवाना, पालड़ी आदि में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दादरी व बाढड़ा में सीवरेज व्यवस्था तथा दोनों शहरों के चारों ओर रिंग रोड बनवाने की मांग रखी।

ये रहे मौजूद:

महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बबीता फौगाट ने दादरी जिला को एनसीआर से अलग किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। रैली में पूर्व सांसद सुधा यादव, संदीप जोशी, जिला प्रभारी कमल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र परमार, चेयरमैन बख्शीराम सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन शर्मा, वरूण गागड़वास, डा. किरण कलकल, विजय अग्रवाल इत्यादि ने भी जनसभा को संबोधित किया।

इस मौके पर उपायुक्त श्यामलाल पूनिया, पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार अजय गौड़, जवाहर यादव, मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकपूर, पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया, मा. टीनू फौगाट, राजेश बंटी, बलवान सांगवान, सत्यव्रत सांगवान, सुनीता दांगी, अनीता लुहाच, विजेंद्र यादव, डा.संजीव मडिय़ा, सत्यव्रत शास्त्री, सोम चरखी, सुधीर चांदवास इत्यादि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!