पंजाबी बिरादरी महा संगठन ने की महिला प्रकोष्ठ की बैठक आहूत

सामाजिक भागीदारी संगठन की जिम्मेदारी : बोधराज सीकरी

गुरुग्राम। पंजाबी बिरादरी महा संगठन सामाजिक योगदान की दिशा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है। संगठन ने अब गुरुग्राम को स्वस्थ बनाने की दिशा में नई पहल की है।

पंजाबी बिरादरी महा संगठन के प्रधान बोधराज सीकरी की अध्यक्षता में आज ओम् स्वीट्स पालम विहार में महिला प्रकोष्ठ की बैठक हुई। इस बैठक का उद्देश्य गुरुग्राम को एनीमिया और टी.बी मुक्त करना रहा।

बोधराज सीकरी ने बताया कि पंजाबी बिरादरी महा संगठन महिला प्रकोष्ठ की सेवाओं की माँग स्वास्थ्य प्रशासन गुरुग्राम ने की है। इस अवसर पर पंजाबी बिरादरी महा संगठन की महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेंद्र यादव और संगठन के प्रधान बोधराज सीकरी व अन्य पदाधिकारियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही सभी ने मिलकर गुरुग्राम को एनीमिया मुक्त और टी.बी मुक्त करने की प्रतिबद्धता जताई।

बोधराज सीकरी ने कहा कि बिरादरी की युवा महिला ग्रूप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेंद्र यादव से इस प्रोजेक्ट के सुचारू क्रियान्वयन के निमित समय-समय पर चर्चा भी करेगा।

उन्होंने कहा कि सामाजिक भागीदारी संगठन की जिम्मेदारी है। महिला प्रकोष्ठ का गठन समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को जन कल्याण के लिए प्रेरित करना है ताकि सब मिलकर एक स्वस्थ व जागरूक समाज की परिकल्पना को साकार कर सकें।

संगठन के वरिष्ठ उप प्रधान ओम कथूरिया ने कहा कि “संगठन का उद्देश्य समाज को आगे बढ़ाना है जिसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। हमारा समाज स्वस्थ रहे इसके लिए संगठन समर्पित होकर प्रयास कर रहा है।

बैठक में उपस्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेंद्र यादव ने भी महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों को एनीमिया और टी.बी मुक्त गुरुग्राम के लिए अपना पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन देने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर डिप्टी सी.एम.ओ (गुरुग्राम), प्रमोद सलूजा, पंजाबी बिरादरी संगठन के समस्त पदाधिकारी व गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!