मेडल लाने के लिए ये खिलाड़ी कर रहे दिन-रात कड़ी मेहनत, अपने परिश्रम है भरोसा
कई राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में ले चुकी हैं भाग
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने दी इन खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ

गुरुग्राम, 21 मई । पंचकुला में 4 जून से शुरू हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2021 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए हर खिलाड़ी जी जान से तैयारी कर रहा है और दिन रात कड़ी मेहनत करते हुए इन खेलों में मेडल लाने के लिए प्रयासरत है। गुरुग्राम जिला में खेलो इंडिया के प्रमोशन सेरेमनी व राहगिरी के बाद माहौल खेलमय हो गया है। चाहे खिलाड़ी हों या दर्शक, हर किसी को इन खेलों का इंतज़ार है। इन खेलों में गुरुग्राम ज़िला से 37 खिलाड़ी अपना दम आज़माएँगे। इन में से ही भगवती आर्ष कन्या गुरुकुल की वे 6 छात्राएं हैं, जो खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में होने जा रही मलखम्ब प्रतियोगिता में भाग लेंगी।उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने इन खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी हैं।

कई राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर चुकी हैं गुरुकुल की ये छात्राएं

इस गुरुकुल की 6 छात्राओं नामतः मानसी, दिशा यादव ,दीक्षा ,निशा, सुनैना तथा सपना ने राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय स्तर पर मलखम्ब प्रतियोगिताओं में भागीदारी करते हुए प्रतियोगियों को कड़ी चुनौती दी और अब ये छात्राएं खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021 के लिए चयनित हुई है । इन छात्राओं ने झज्जर में आयोजित की गई स्टेट मलखंब प्रतियोगिता तथा उज्जैन में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप 33वी नेशनल सब जूनियर चैंपियनशिप 2020-21 में भाग लेते हुए विरोधियों को कांटे की टक्कर दी थी। गुरुकुल संचालक डॉ रविंद्र आर्य तथा संचालिका श्रीमती दमयंती देवी के कुशल नेतृत्व में ये छात्राएं नियमित अभ्यास तथा कठोर शारीरिक परिश्रम कर खेलो इंडिया के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।

कम समय में पूरे शरीर का अधिकतम व्यायाम करवाता है मलखंब- संधू बाला

जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी संधू बाला ने बताया कि मलखंब एक प्राकृतिक एवं पारंपरिक भारतीय खेल है । मलखंब दो शब्दों से मिलकर बना है -मल्ल और खम्ब। इसे अंग्रेजी में जिम्नास्ट तथा पोल कहा जाता है। उन्होंने बताया कि मलखम्ब कम समय में पूरे शरीर का अधिकतम व्यायाम करवाता है। इसमें शरीर के प्रत्येक अंग का हाथ से पैर की उंगली तक का भी व्यायाम होता है। मलखंब में 3 तरह के इवेंट होते हैं जिसमें पोल मलखंब, रोप मलखंब तथा हैंगिंग मलखंब शामिल है।

मलखंब के फायदों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मलखंब शरीर को हल्का और मजबूत करता है तथा व्यक्ति का स्टैमिना बढ़ाते हुए शरीर को फुर्तीला और दिमाग तेज बनाता है। यह एक फुल बॉडी वर्कआउट है जिसमें कई तरह की ताकत और कार्डियो एक्सरसाइज शामिल हैं। गठिया आदि रोगों में यह विशेष तौर पर लाभदायक है । इसके अलावा मधुमेह की बीमारी से ग्रसित व्यक्ति के शुगर लेवल को भी यह नियंत्रित करता है।

ध्यान रहे कि गत 7 मई को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे संस्करण की मशाल को रवाना किया गया था और इन खेलों के शुभंकर , प्रतीक चिन्ह , जर्सी और एन्थम जारी किए गए थे। उस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि थे और केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की थी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक हरियाणा सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं।

error: Content is protected !!