गुरूग्राम, 10 मई। आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के चौथे संस्करण के लिए जिला में 11 मई को सिविल लाइन्स स्थित नेहरू स्टेडियम में सांय 6 बजे खेलो इंडिया-राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में गुरूग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे।

राहगिरी कार्यक्रम में जिला के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ी भी भागीदारी करेंगे। राहगीरी के दौरान कुश्ती, कबड्डी व बॉक्सिंग आदि खेलों के लाइव डेमो भी होंगे। साथ ही खेलो इंडिया थीम गीत के साथ राहगीरी में सांस्कृतिक मंच भी सजेगा। इस दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। राहगिरी कार्यक्रम में योगा, पेंटिंग प्रतियोगिता, जुम्बा तथा साईकिलिंग के अलावा अन्य गतिविधियां आयोजित करवाई जाएंगी। इस दौरान गतका का प्रदर्शन किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गिद्दा की प्रस्तुति होगी।

गत 7 मई को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे संस्करण की मशाल को रवाना किया गया था और इन खेलों के शुभंकर , प्रतीक चिन्ह , जर्सी और एन्थम जारी किए गए थे। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि थे और केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की थी।

इन खेलों में गुरूग्राम के खिलाड़ियों की दमदार प्रस्तुति रहेगी। गुरूग्राम जिला से 39 खिलाड़ियों द्वारा 50 अलग- अलग प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक हरियाणा सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। इन खेलों में देशभर से 8 हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।

error: Content is protected !!