कहा, जन भावना के अनुरूप निर्णय लेती है प्रदेश सरकार
क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार का जताया आभार

हांसी / बास । मनमोहन शर्मा

हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने बास नगरपालिका को भंग कर इसे पुन: पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की है। मंगलवार को बास अनाज मंडी पहुंचकर डॉ कमल गुप्ता ने यह घोषणा की और इसी के साथ ही अनाज मंडी में चल रहा धरना भी समाप्त कर दिया गया। धरने में शामिल क्षेत्र के लोगों ने राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता, स्थानीय विधायक पंडित रामकुमार गौतम व पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का धन्यवाद किया।

क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि सरकार जन भावनाओं के अनुरूप निर्णय लेती है और क्षेत्रवासियों की भावनाओं के अनुरूप बास नगरपालिका को भंग करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार सबका साथ सबका विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। इसी सोच के अनुरूप नारनौंद उपमंडल में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में यहाँ सडक़, सीवरेज, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं सहित अन्य विकास कार्यो को और अधिक गति दी जाएगी।

डॉ कमल न्यूनतम गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आज फसल खराब होने पर 15 हजार रुपये तक का मुआवजा दिया जाता है, जो सर्वाधिक है। सरकार की किसान कल्याण की नीतियों के चलते ही आज किसानों को उनकी फसलों का सर्वाधिक भाव मिल रहा है। इसके अलावा फसल बीमा तथा भावांतर भरपाई योजना जैसी योजनाओं के परिणाम स्वरूप खेती का जोखिम कम हुआ है।