सांझा मोर्चा 2 अप्रैल को रोहतक में बैठक कर आंदोलन की घोषणा करेगा
गिरफ्तार कर्मचारी नेताओं को तुरन्त रिहा करने की मांग
हड़ताल की सफलता के लिए मोर्चा नेताओं ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया

चंडीगढ़,30 मार्च! हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के वरिष्ठ नेता इन्द्र सिंह बधाना, सरबत सिंह पूनिया, ओमप्रकाश ग्रेवाल, जयबीर घणघस, दलबीर किरमारा, आजाद गिल, विरेन्द्र सिगरोहा, दिनेश हुड्डा, विनोद शर्मा, सुखविंदर बयाना, कृष्ण कादियान, सुरेंद्र सिंह, रमेश श्योकन्द, अमित महाराणा, जयभगवान कादियान, विरेन्द्र लोहिया व प्रताप सिंह भनवाला ने 28-29 मार्च को हुई सफल हड़ताल के लिए कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरकार की वादाखिलाफी व दमनकारी नीतियों के खिलाफ भविष्य में भी एकजुट रहकर निर्णायक आंदोलन करने का आह्वान किया।

कर्मचारी नेताओं ने कहा सरकार व विभाग के उच्च अधिकारी सफल हड़ताल से बोखला कर कर्मचारियों को प्रताड़ित करने के लिए गम्भीर मुकदमे दर्ज करवा कर सिरसा से रामकुमार चुरनिया, चिमन स्वामी व सीता सिंह को, डबवाली से पृथ्वी सिंह चाहर व राजेश को पलवल से सुभाष चन्द्र को एवं रोहतक से विरेन्द्र सिगरोहा, दिनेश हुड्डा, हिम्मत राणा, सुमेर सिवाच, जगदीप लाठर, जोगिंदर ढूल,राजेश, विनोद दूहन, सुमेश कूंडू, जोगिंदर मलिक, जसबीर, जीता, कृष्ण को गिरफ्तार करवाया गया। सिरसा व डबवाली के 5 कर्मचारी नेताओं को जेल भेज दिया है। उन्होंने गिरफ्तार कर्मचारी नेताओं को तुरन्त रिहा करने की मांग की। मोर्चा नेताओं ने कहा हड़ताल में कुछ महाप्रबंधक व अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण आवेश में हुई कुछ घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी यूनियन नेता व कार्यकर्ताओं की हड़ताल में बस चलाने वाले चालक-परिचालक के साथ कोई दुश्मनी नहीं है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा परिवहन मंत्री व उच्च अधिकारी शत्रुतापूर्ण व्यवहार अपनाकर कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए उकसाने का काम कर रहे हैं। सांझा मोर्चा नेताओं ने कहा जनतंत्र में हड़ताल व आंदोलन का अधिकार है, परन्तु परिवहन मंत्री व उच्च अधिकारी अंग्रेजों के तौर-तरीके अपना कर प्राइवेट चालक-परिचालकों से किलोमीटर स्कीम व अन्य बसें चलवा कर हड़ताल तुड़वाने वाले अधिकारियों की प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित कर रहे हैं, जो अधिकारी हड़ताल नहीं तुड़वा पाएं उन्हें चार्जशीट कर रहे हैं।

उन्होंने कहा सरकार व उच्च अधिकारियों का दमनकारी रवैया रोडवेज कर्मचारी सहन नहीं करेंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा 2 अप्रैल को रोहतक में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की आपात बैठक बुलाई है। बैठक में सरकार व अधिकारियों की हिटलरशाही के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की जाएगी। बैठक में हड़ताल की समीक्षा कर निजीकरण पर रोक लगाने, विभाग में 10 हजार सरकारी बसें शामिल करने, पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, परिचालक व लिपिक का वेतनमान 35400 करने, जोखिम भत्ता वह बोनस का भुगतान करने,1992 से 2003 के मध्य लगे कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी वेतनमान व अवकाश पहले की तरह लागू करने, लिपिकों, चालकों डी ग्रुप समेत सभी श्रेणियों के कर्मचारियों की प्रमोशन करने आदि मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी आंदोलन को तेज करेंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा ऐतिहासिक हड़ताल से सबक लेकर सरकार कर्मचारीयों की लम्बित मांगों का समाधान नहीं करेगी तो हरियाणा रोडवेज सहित प्रदेश के 4 लाख से ज्यादा कच्चे-पक्के कर्मचारी सांझा व निर्णायक आंदोलन करेंगे।

error: Content is protected !!