विरोधी दलों में अरविंद केजरीवाल व दिल्ली मॉडल का खौफ घर कर गया है डॉक्टरः सुशील गुप्ता

कहाःअब अन्य दलों को भी काम करना पड़ेगा अन्यथा लोग आपको काम करने का मौका देंगे
प्रदेश कार्यकारिणी की भंग कहां नए सिरे से गठित करेंगे

पंचकूला, 21 मार्च। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी एवं दिल्ली से सांसद सुशील गुप्ता का कहना है कि दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से सत्तारूढ़ दलों में हड़कंप सा मच गया है। सबको अरविंद केजरीवाल के नाम एवं दिल्ली मॉडल का खौफ का रहा है। उन्होंने कहा कि अब तो पंजाब में भी भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार है जो कि और भी बेहतर काम करके लोगों की सेवा करेगी।

डॉ सुशील गुप्ता आज यहां प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी भंग करने की भी घोषणा की। हरियाणा के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज के साथ पत्रकारों से बात करते हुए डॉ सुशील गुप्ता ने आगे कहा पंजाब के लोगों ने धर्म व जाति से ऊपर उठकर एक कट्टर ईमानदार सरकार बनाने का काम किया है। और पंजाब के मुख्यमंत्री बनते ही भगवंत मान ने भी अपनी कलम से 25000 नौकरियां देने के लिए पिटारा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब व दिल्ली मॉडल पूरे देश में सत्तारूढ़ विभिन्न दलों की सरकारों को काम करने के लिए मजबूर कर देंगे। अन्यथा वहां के लोग उन सरकारों को सत्ता से बेदखल कर आपको मौका देंगे।उन्होंने कहा कि आप वहां भी जनसेवा करके दिखाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनने के बाद हरियाणा में भी ज्यादा से ज्यादा लोग आप के साथ जुड़ना चाहते हैं। यही वजह है कि पिछले कई दिनों से सुबह 10 बजे से लेकर रात 12 बजे तक लोगों का पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम चल रहा है। ]

उन्होंने कहा कि अब तक छह पूर्व विधायक पार्टी में शामिल हो चुके हैं तथा 40 पूर्व सांसदों व विधायकों ने पार्टी में शामिल होने के लिए आवेदन कर रखा है। मगर पार्टी पहले इन सब का सर्वे करवाकर ही इन्हें पार्टी की सदस्यता देगी कि कहीं पर कोई भ्रष्टाचार या दूसरा कोई मुकदमा तो दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आधार खत्म हो चुका है। क्योंकि या तो कांग्रेश को बहुमत ही नहीं मिलता और जहां बहुमत मिलता है वहां इस के विधायक बिक जाते हैं। मध्य प्रदेश गोवा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। राजस्थान में भी इसके विधायक बिकने के लिए तैयार थे। मगर गहलोत उन्हें बचाने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले इस बात को उजागर किया था कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा से मिले हुए हैं और पार्टी की यह बात साबित भी हो गई। उन्होंने कहा कि पंजाब के बाद अब हरियाणा की जनता भी बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है, क्योंकि हरियाणा में भी भ्रष्टाचार सिर चढ़कर बोल रहा है।

उन्होंने कहा कि भर्तियों में आए दिन घोटाले उजागर हो रहे हैं। और आम आदमी पार्टी यहां विपक्ष की जोरदार ढंग से भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि उसका इस भ्रष्टाचार के खिलाफ जींद व सिरसा में आंदोलन जोर शोर से चल रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा का भ्रष्टाचार उजागर करने के लिए मुख्यमंत्री के अपने जिले करनाल से पार्षद ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के तार सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी व अपराध पूरे जोरों पर है। राज्य में महिलाएं रात को घर से बाहर नहीं निकल सकती। क्योंकि प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग दिल्ली की तर्ज पर राज्य में भी अच्छी शिक्षा स्वास्थ्य सुविधाएं चाहते हैं। यही वजह है कि हरियाणा भी बदलाव की ओर बढ़ रहा है।

इस अवसर पर उनके साथ आए दिल्ली ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी जल्द ही ऊपर से ले निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी तथा आमजन तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनने व उसका समाधान करवाने का प्रयत्न करेगी। इस अवसर पर पार्टी के उतरी हरियाणा जोन के पूर्व अध्यक्ष बीके कौशिक एवं सचिव योगेश्वर शर्मा व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!