खेती में किसानों को किसी भी सूरत में घाटा नहीं होने दिया जाएगा: कृषि मंत्री जेपी दलाल

किसानों से जहर मुक्त प्राकृतिक खेती करने व सूक्ष्म सिंचाई पद्धति अपनाने का किया आह्वान
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने गांव गोकुलपुरा में 54 करोड़ रुपए की लागत से किया अनाज अनुसंधान रीजनल केंद्र का शिलान्यास
हकृवि का नया अनुसंधान केन्द्र राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को पूरा करने में होगा मील का पत्थर साबित:कृषि मंत्री जेपी दलाल

बहल, 11 मार्च। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान को खेती में किसी भी सूरत में घाटे का सौदा नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी भी कारण से घाटा होता है तो उसकी भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सर्वाधिक 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। कृषि मंत्री श्री दलाल ने किसानों से आह्वान किया कि वे जहरमुक्त खेती के लिए रासायनिक खाद का प्रयोग न करें और सूक्ष्म सिंचाई पद्धति को अपनाएं। उन्होंने कहा कि हकृवि का नया अनुसंधान केन्द्र राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा।

कृषि मंत्री श्री दलाल शुक्रवार को गांव गोकुलपुरा में अनाज अनुसंधान केंद्र के रीजनल केंद्र के अवसर पर आयोजित विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अनुसंधान केंद्र पर करीब 54 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों व पशुपालकों की आमदनी बढाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज लोग पशुपालकों/किसानों से दूध, घी व दही आदि से बने ऑर्गेनिक प्रोडेक्ट सामान्य से दोगुने दाम पर खरीदने के लिए तैयार है।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री दलाल ने कहा कि खेती की नवीत्तम तकनीक को अपनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक किसान को कृषि विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। कृषि विशेषज्ञ गांवों में जाएंगे और किसानों को जागरूक करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान को बिजली, पानी व खाद-बीज से महरूम नही होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को सब्सिडी पर कृषि यंत्र मुहैया करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फसल को बेचने में किसानों के समक्ष किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार व्यवस्था परिवर्तन में लगी है। सरकार ने राजनीति के मायने बदले हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्व में अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ताकत का लोहा मानती है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों के चलते प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यों में प्रचंड जीत हासिल की है। ये चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री श्री मोदी की लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब देश में कांग्रेस का कोई वजूद नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए नीतियां लागू कर रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार से हर वर्ग खुश है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!