भारत सारथी के सम्पादक ऋषि प्रकाश कौशिक ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता से टेलीफोन पर बातचीत की। हरियाणा के कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। पेश हैं उस बातचीत के कुछ अंश। 
डॉ. कमल गुप्ता

ऋ.प्र.कौशिक: आप वर्ष  2014 में एक बहुत बड़े औद्योगिक घराने की महिला को हरा कर विधायक बने थे। उस समय अपने शहर हिसार के विकास को लेकर आपके मन मे क्या विचार थे और क्या कल्पना की थी?

डॉ. कमल गुप्ता- शहर का पूर्ण विकास, शहर पूरी तरह साफ सुथरा और स्वच्छ बने, ऐसी मन में कल्पना थी। यह भी सोचता था कि बड़ी परियोजना के बिना शहर उन्नति नहीं कर सकता। इसके लिए हमने उच्च अधिकारियों से संपर्क कर विभिन्न परियोजनाओं पर काम शुरू किया। 

 प्रदेश में 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री जी का पहली बार हिसार में शुभ आगमन हुआ। नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर उनसे विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री जी की सोच पूरे प्रदेश के साथ हिसार शहर के विकास को लेकर सकारात्मक रही है। यही कारण है कि नगर में विकास की गति ने जोर पकड़ा। फलस्वरूप, परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जा सका।

ऋ.प्र.कौशिक- कहा जाता है कि हिसार में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में आपने काफी रुचि दिखाई है और इस परियोजना को काफी हद तक आगे बढ़ाया है। इस प्रॉजेक्ट के बारे में क्या कहना चाहेंगे? 

डॉ कमल गुप्ता- दरअसल, 1965 में सयुंक्त पंजाब में 194 एकड़ भूमि पर हिसार एविएशन क्लब का निर्माण  किया गया था। हमारे मन में लंबे समय से एक विचार था कि हिसार में कोई महत्त्वाकांक्षी योजना लाई जाए। हमने इस दिशा में कदम बढ़ाना शुरू कर किया। यहाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाने के लिए उच्चाधिकारियों  और इंजीनियरों से मिलकर विस्तृत खाका तैयार करवाया। शुरुआत में प्रदेश सरकार ने ग्रीनफील्ड अंतरराष्टीय हवाई अड्डा परियोजना के रूप में  केंद्र  सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था। वर्ष 2016 में फ्रॉस्ट व सुलियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित एकीकृत विमानन हब के रूप में विकास के लिए पूरी रूपरेखा तैयार की गई। यह परियोजना तीन चरणों में पूरी होनी थी। 

ऋ.प्र.कौशिक- इसकी मौजूदा स्थिति क्या है? 

डॉ कमल गुप्ता– अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की परियोजना का विकास तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण का काम  पूरा हो चुका है।   

दूसरे चरण में एमआरओ हब और रनवे वॉटर का काम होना है जिसे मई 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

 तीसरे चरण काम 2024 तक पूरा हो जाएगा। मुझे इस बात की खुशी है कि हिसार में देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। इसका वर्तमान क्षेत्रफल 7300 एकड़ है।  इसमें दस हजार एकड़ राजकीय भूमि मिलाने की मांग रखी हुई है। उम्मीद है कि यह भूमि इसमें शामिल हो जाएगी। चंद वर्षो में ह क्षेत्रफल की दृष्टि से हिसार हवाई अड्डा देश में सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा ।जिस पल यह परियोजना पूरी होगी, वह शहर के विकास का एक क्रांतिकारी  क्षण होगा। 

ऋ.प्र.कौशिक-क्या हिसार शहर के विकास के लिए कुछ और योजनाएँ भी हैं?

डॉ कमल गुप्ता-2014 में केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमारे प्रयास से रेलवे वाशिंग यार्ड का निर्माण हुआ जिससे लंबी दूरी की गाड़ियां चलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। हमने शहर के विकास के लिए जितनी भी माँगें मुख्यमंत्री के सामने रखी थीं, लगभग सभी पूरी हो चुकी हैं।    

ऋषि नगर में चार करोड़ लीटर गंदा पानी साफ करने के लिए कंप्यूटरीकृत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। इसके निर्माण के बाद खेतों में गंदे पानी से सिंचाई की समस्या से पूरी तरह निजात मिल चुकी है। खेतों में अब साग सब्जियाँ ट्रीटमेंट किए हुए शुद्ध पानी  से उगाई जाती हैं। 

 नगर में नए आधुनिक संयंत्र लगने के बाद पेयजल की समस्या से पूरी तरह निजात मिल चुकी है। प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है जो पूरी तरह पर्याप्त

ऋ.प्र.कौशिक- हिसार से दिल्ली तक सुपर फास्ट ट्रेन चलाए जाने की काफी चर्चा

डॉ कमल गुप्ता– आपने ठीक सुना है। यह सुपरफास्ट ट्रेन मेट्रो की तरह एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगी। हिसार से दिल्ली के बीच 10 आधुनिक रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। पूरे प्रेदेश की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। केवल ढाई घंटे में हिसार हवाई अड्डे से   दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुँचा जा सकेगा।

ऋ.प्र.कौशिक- गुरुग्राम के शहरी स्थानीय निकाय में भ्रष्टाचार दिनों-दिन बढ़ रहा है। आप क्या कदम उठा रहे हैं? 

डॉ कमल गुप्ता– मुझे जानकारी है। कई शिकायतें मिली हैं। अपने स्तर पर जाँच करवा रहा हूँ। हमारा एक ही ध्येय है, भ्रष्टाचार खत्म कर साफ सुथरा प्रशासन देना। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

ऋ.प्र.कौशिक– शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के रूप में प्रदेश की जनता को आप क्या संदेश देना चाहेंगे? 

डॉ कमल गुप्ता -हमारा चिंतन है कि प्रदेश के सभी शहर साफ सुथरे और स्वच्छ हो। सड़कों और गलियों में किसी भी तरह का कूड़ा कचरा न  रहे।  इंदौर की तरह पूरे प्रदेश के सभी शहर देश में नंबर वन बनें।हमारे विभाग से संबंधित किसी भी कार्यालय में लेटलतीफी बर्दाश्त नही की जाएगी। दफ्तर में लेट आने वाले, गैहाजिर रहने वाले, जनता को तंग करने वाले अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!