मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के भ्रष्टाचार कम हो कर 30 प्रतिशत तक रहने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का भ्रष्टाचार मापने का पैमाना खराब हो गया है : पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन

पंचकूला 24 जनवरी – हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने कहा है कि जिस तरह से हरियाणा प्रदेश में घोटालों और भ्रष्टाचार की परत दर परत खुलती जा रही हैं उसे लगता है कि प्रदेश भ्रष्टाचार के मामले में आकंठ डूबा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के भ्रष्टाचार कम हो कर 30 प्रतिशत तक रहने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का भ्रष्टाचार मापने का पैमाना खराब हो गया है और जिस प्रकार से हर रोज भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं उससे लगता है कि सच्चाई से मुंह मोडनें से झूठ सच्चाई में नहीं बदल जाती है। इस लिए मुख्यमंत्री को यह बात सहज रूप से स्वीकार कर लेनी चाहिए कि वह प्रदेश में अफसरशाही पर लगाम लगाने और भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह असफल रहे हैं।

मुख्यमंत्री के प्रदेश में पारदर्शी सरकार देने के दावे का मखोल उड़ाते हुए चन्द्र मोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री को दिखाई नहीं दे रहा है कि अम्बाला में बन रहे स्टेडियम में 46 करोड़ का घोटाला उजागर होने का मामला सामने आया है और इसी प्रकार 21 जनवरी को प्रकाशित एक प्रतिष्ठित समाचार में अंबाला में बन रहे लघु सचिवालय के मामले में घोटाला सामने आया है । इस लघु सचिवालय का निर्माण कार्य लगभग 26 करोड़ रूपए की लागत से किया जाना है लेकिन सबसे बड़ी चौंकाने वाली खबर यह है कि इसके बनने से पहले ही इसके कई बिल पास हो गए हैं। इतना अवश्य ही कहा जा सकता है कि करोड़ों रुपए के इस खेल में सरकार के उच्चाधिकारियों की मिली भगत के बिना यह खेल होना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता का ढोंग करने से पारदर्शिता नहीं आती है । पारदर्शिता तो दृढ इच्छा शक्ति और संकल्प से आती है जिसका इस सरकार में अभाव स्पष्ट रूप से नजर आता है। इससे सहज रूप से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस प्रकार सरकार और अधिकारियों के बीच गठजोड़ से प्रदेश की जनता को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। सरकार के पास, किसान, मजदूर, कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नही है लेकिन सरकारी खजाने को दोनों हाथों से लुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सप्ताह से भ्रष्टाचारी अधिकारी लगातार रंगे हाथों पकड़े जा रहे हैं । हाल ही में रतिया के नायब तहसीलदार को रंगे हाथों पकड़ा गया है।

चन्द्र मोहन ने कहा कि भाजपा और जजपा सरकार मिल कर लोगों के साथ धोखा कर रही है। जनता के साथ नौकरियों के नाम पर विश्वघात किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से आग्रह किया है कि जनता से किए गए वायदे को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी सरकार देने के अपने वायदे को पूरा करें अन्यथा प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में माफ नहीं करेगी।

error: Content is protected !!