-तकनीकी ज्ञान और सही शब्दों का चयन जरूरी: ओम प्रकाश धनखड़
-गुरुग्राम में भाजपा कार्यालय में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
सोशल मीडिया टीम को दिए टारगेट्स
-दूसरे प्रदेशों के लिए उदाहरण स्थापित करे हरियाणा सोशल मीडिया टीम: धनखड़
-प्रदेश अध्यक्ष ने दिया “बाकी शेर, हरियाणवी सवा शेर” स्लोगन

गुरूग्राम, 1 दिसम्बर।  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने आज गुरुग्राम में प्रदेश की आईटी एवं सोशल मीडिया टीम की क्लास ली।

सिग्नेचर टावर के पास स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश की सोशल मीडिया टीम, सभी 22 जिलों, सभी मोर्चों और सभी मंडलों के आईटी एव सोशल मीडिया संयोजकों व सह संयोजकों को ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि टीम के हर सदस्य के पास तकनीकी ज्ञान और सही शब्दों के चयन की कला होनी चाहिए। यहां उन्होंने सोशल मीडिया टीम को लगभग आधा दर्जन टारगेट्स दिए और दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बनने की बात कहते हुए ” बाकी शेर, हरियाणवी सवा शेर” का स्लोगन दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की हर अच्छी और सकारात्मक बात को इस स्लोगन से प्रस्तुत करें।

धनखड़ ने माईक संभालते ही कहा कि हमारी टीम सबसे अच्छी है, लेकिन हमें और भी अच्छा करना है। इतना अच्छा करना है कि एक दिन मोदी जी स्वयं फोन करके हरियाणा की सोशल मीडिया टीम की पीठ थपथपाएं।

सामने बैठे आईटी एवं सोशल मीडिया टीम के लगभग 500 दायित्ववान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी भाषा किसी वर्ग के खिलाफ नहीं होनी चाहिए और ना ही माननीय लोगों के लिए हल्के शब्दों का प्रयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता सदा सजग रहता है और संयम से काम करता रहा है। भविष्य में भी सोशल मीडिया और मीडिया टीम के सदस्य को ऐसी कोई बातें नहीं बोलनी चाहिए कि वो बैक फायर करे।

धनखड़ ने सबको मिलकर काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि टीम वर्क से सफलता मिलने की संभावना ज्यादा होती है और काम भी बेहतर होता है। इसलिए सोशल मीडिया टीम के प्रदेश के पदाधिकारी जिलों के पदाधिकारियों से और जिला पदाधिकारी मंडल के पदाधिकारियों से रोजाना बात करें तथा अच्छा काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें आगे लाएं। उन्होंने कहा कि समन्वय अच्छा होगा तो हम नरेटिव सेट करने में कामयाब होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया एवं वर्चुअल तकनीक से काम करने वालों को ज्यादा सजग रहना चाहिए। क्योंकि आने वाले समय में वर्चुअल दुनिया का फैलाव होगा। इसलिए हमें इसके साथ चलना होगा।

धनखड़ ने भाजपा के संगठनात्मक कार्यों की तारीफ करते हुए विपक्षियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे संगठनात्मक कार्यों से विरोधी डरने लगे हैं।

कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, केंद्रीय प्रशिक्षण टीम के हेमंत, प्रदेश महामंत्री पवन सैनी, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा, आईटी के प्रदेश संयोजक अरुण यादव, विनित जोशी, जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, कमल न्यूज हरियाणा की संपादक नवजोत सिद्धू ने भी सोशल मीडिया और आईटी से संबंधित जानकारी दी।

23 जनवरी को 7500 स्थानों पर गाया जाएगा वंदे मातरम गीत
कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 जनवरी को नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रदेश भर में 7500 स्थानों पर 75 – 75 लोग एकत्रित होकर आजादी के तराने और वंदे मातरम गीत गाएंगे। इससे पहले 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती के मौके पर स्वराज दिवस मनाया जाएगा और इस दिन प्रदेश के 20 हजार बूथों पर 11-11 कार्यकर्ता कार्यक्रम कर अटल जी को याद करेंगे। ऐसे एक ही दिन में 2 लाख से अधिक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बाकी शेर, हरियाणवी सवा शेर
प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में ओमप्रकाश धनखड़ ने उपस्थित सोशल मीडिया टीम को लगभग आधा दर्जन टारगेट दिए। लेकिन सबसे रोचक टारगेट एक नए स्लोगन को हरियाणा की अच्छी और सकारात्मक बातों के परिपेक्ष्य में स्थापित करने का दिया। धनखड़ ने “बाकी शेर, हरियाणवी सवा शेर” का स्लोगन देते हुए कहा कि हरियाणा की हर अच्छी बात को इस स्लोगन से अंगित करें और अन्य राज्यों से बेहतर और अलग दिखें। धनखड़ ने कहा कि एक साल में हमें इस स्लोगन को इस मायने में स्थापित करना है कि हरियाणा सबसे आगे हैं। जब हम खेल, उधोग, खेती या अन्य सफलता से संबंधित कोई पोस्ट डालते हैं तो हमें सबसे पहले उक्त स्लोगन का प्रयोग करना चाहिए। आज की कार्यशाला में प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, शमशेर खरक, संजय आहुजा, प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री, वंदना पोपली, कृष्ण ढूल, भारत भूषण के अलावा अनेक प्रवक्ता, पैनलिस्ट आदि भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!