गुडग़ांव, 14 नवम्बर (अशोक): सामाजिक संस्था ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बाल दिवस के अवसर पर रविवार को जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक शील मधुर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. अजय शर्मा ने की। अन्य समाजसेवी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

संस्था के अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि पूर्व पुलिस महानिदेशक ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि इसकी शुरुआत सबसे पहले अपने घर से ही करनी होगी। कामकाजी महिलाओं के काम को तो सल्यूट है ही, साथ में घरों में रहकर पूरे घर-परिवार को संभालने वाली महिलाओं को भी समुचित सम्मान मिलना चाहिए। समाज के निर्माण में महिलाओं का विशेष योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि देश की करीब 90 प्रतिशत महिलाएं घरेलू हैं। उनके लिए भी पुरुस्कार होना चाहिए। वे पूरा घर चलाती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने के मिशन को वह अपने तिरंगा मेरी शान मिशन में शामिल करेंगे।कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को भी महिला सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी गई।

डा. अजय शर्मा ने कहा कि महिलाओं व बच्चों को कुपोषण का शिकार नहीं होने देना चाहिए। उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखे जाने की जरुरत है। कार्यक्रम में कई महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हुई और उन्होंने महिलाओं को जागरुक भी किया। कार्यक्रम में शिक्षाविद् रेणू सिंह, निशा शर्मा, डा. सोना यादव, डा. सुषमा चौहान, नरेंद्र कौशिक, सुरेंद्र शर्मा, राहुल पाण्डेश, अर्चना चौहान एडवोकेट, दीपक कटारिया, नलिनी अस्थाना, गगनदीप चौहान, डा. पुष्पा धनखड़, योगेश शर्मा आदि भी शामिल हुए।

error: Content is protected !!