-त्रिदेव टीम में बूथ अध्यक्ष, बीएलओ-2 और एक पालक किए हैं नियुक्त

गुरुग्राम। गुरुग्राम विधानसभा के नवनियुक्त त्रिदेव (बूथ अध्यक्ष, बीएलओ-2 और एक पालक) को उनके दायित्वों के बारे में जानकारी देने को यहां विधायक सुधीर सिंगला के कार्यालय में बैठक आहुत की गई। नियमित रूप से त्रिदेव की टीम जनसेवा में जुटेगी।

त्रिदेव की बैठक भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और विधायक प्रतिनिधि आरपी सिंह ने ली। बैठक में त्रिदेव बने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। त्रिदेव में शामिल एक बूथ अध्यक्ष, बीएलओ-2 और एक पालक को उनके कार्यों की जानकारी देते हुए उन्हें पार्टी हित में पूरी मेहनत के साथ कार्य करते रहने को प्रेरित किया गया। त्रिदेव भारतीय जनता पार्टी की सबसे नीचे की इकाई बनाई गई है। बूथ स्तर पर यह इकाई काम करेगी। बूथ अध्यक्ष हर किसी को सिस्टम की जानकारी देगा। बीएलओ लोगों के वोट बनवाने, वोट में खामियों को दूर करने समेत तमाम परेशानियों को दूर करने में सहायता करेगा। पालक पूरे सिस्टम पर नजर रखते हुए समय-समय पर टीम के साथ मंत्रणा करके जनहित के कार्यों को पूरा करने में योगदान देगा। किसी भी स्तर के चुनावों में त्रिदेव की भूमिका अहम रहेगी। वे अपने-अपने बूथ के दायरे में लोगों से जुड़े रहेंगे।

त्रिदेव बने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीतियों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें पार्टी हित में कार्य करके बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि हम सब पार्टी के कर्मठ सिपाही हैं। हमें पार्टी हित में सदैव कार्य करके आमजन को साथ लेकर चलना है। जनता के सुख-दुख में सदा शिरकत करते हुए उन्हें सहयोग देना है। आरपी सिंह ने कहा कि पार्टी के कर्मठ सिपाहियों की बदौलत ही पार्टी को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की की राह पर है। हम सबको मिलकर पार्टी की नीतियों का भी प्रचार-प्रसार आम जनता के बीच करना है। सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने में भी भूमिका निभाएं।

error: Content is protected !!