मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल शुरू, भौंडसी जेल से 11 कैदियों को मिली रिहाई

हरियाणा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा

गुरुग्राम,03 नवंबर। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा हरियाणा के स्थापना दिवस पर की गई विभिन्न घोषणाओं पर त्वरित अमल शुरू हो गया है। जेल प्रशासन ने मुख्यमंत्री द्वारा कैदियों की सजा माफी की घोषणा पर अमल करते हुए गुरुग्राम जिला कारागार भोंडसी से 11 कैदियों को रिहा किया है।

इस बारे में सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 01 नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर हरियाणा प्रदेश अस्तित्व में आया था। एक तरह से यह प्रदेश की विकास यात्रा की नई शुरुआत थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा के स्थापना दिवस पर प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद क़ैदियों, जो वर्तमान में पैरोल पर हैं और जिनकी सजा छह महीने से कम शेष रह गयी है, उनको जेल में किए गए अच्छे आचरण के आधार पर जीवन की नई शुरुआत के लिए, उनकी सजा माफ करने की घोषणा की थी। प्रवक्ता ने कहा कि यह घोषणा जघन्य व संगीन अपराधों में दोषी ठहराए गए कैदियों पर लागू नहीं होगी। संगीन जुर्म जैसे हत्या, बलात्कार, तेज़ाब हमला और मानव तस्करी आदि के सजायफ़्ता क़ैदियों को इन आदेशों में राहत नहीं दी गयी है ।

जेल अधीक्षक श्री हरेंद्र सिंह ने बताया मुख्यमंत्री द्वारा कैदियों की रिहाई की घोषणा के अनुसार 02 नवंबर को गुरुग्राम जिला कारागार भौंडसी से ऐसे 11 कैदियों को रिहा किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जेल में बंद कैदियों के सुधार व पुनर्वास के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। कैदियों में भावनातमक रूप से परिवर्तन लाने के लिए जेल प्रबंधन द्वारा परिवार के लोगों से बात करने के लिए वीडियो कॉल की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके साथ साथ कैदियों के लिए जेल परिसर में एफएम रेडियों की शुरुआत की गयी है।

श्री सिंह ने कहा कि उन्हें पूर्ण आशा है कि हरियाणा के स्थापना दिवस पर भोंडसी जेल से रिहा किए गए उपरोक्त 11 कैदी सभ्य नागरिक बनकर अपने आचरण व परिश्रम से प्रदेश की विकास यात्रा में प्रमुखता से अपना योगदान देंगे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!