चरखी दादरी जयवीर फोगाट

30 अक्तूबर,हरियाणा की जनता बेहद जागरूक है। लोग बरोदा के बाद ऐलनाबाद उपचुनाव में भी सत्ता का अहंकार करने वालों को सबक सिखाएंगे। यह बात किसान नेता राजू मान ने कितलाना टोल पर चल रहे किसानों के अनिश्चितकालीन धरने को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐलनाबाद में लोकतंत्र का गला घोंटने का भरसक प्रयास किया। किसानों पर  लाठीचार्ज करने के साथ हर हथकंडा अपनाया गया लेकिन सत्ताधारी उसमें सफल नहीं होंगे और किसान-मजदूरों की जीत होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर दिल्ली बॉर्डर पर तनाव बढ़ाना चाह रही है। उन्होंने कहा कि तीन काले कानूनों के विरुद्ध किसान और मजदूर पिछले 11 महीने में 700 से अधिक शहादतों के बाद भी शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन चला रहे हैं उसके बावजूद सरकार आंदोलन को दबाने और कुचलने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि ये सब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए जनवरी से बंद पड़ी वार्ता के लिए आगे बढ़ना चाहिए और तीन काले कानून रद्द करने के साथ एमएसपी देने की घोषणा करनी चाहिए।

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर कितलाना टोल धरने के 309वें दिन सांगवान खाप से सुरजभान सांगवान, श्योराण खाप के प्रधान बिजेंद्र बेरला, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सब्बीर हुसैन, युवा कल्याण संगठन के डॉ राजू गौरीपुर, महिला नेत्री रतन्नी देवी, चंद्रकला, निम्बो देवी और संतरा देवी ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि रविवार को जींद के खटकड़ टोल पर होने वाली किसान महापंचायत में कितलाना टोल से बड़ी संख्या में किसान भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस महापंचायत में शरीक होने के लिए किसान- मजदूरों में भारी उत्साह है।

error: Content is protected !!