कांग्रेस पार्टी को बड़ी सफलता, कई कद्दावर नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा

कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं में ऐलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल, भाजपा से टिकट के दावेदार रहे उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, पूर्व सांसद तारा सिंह के पुत्र और इनेलो नेता कंवलजीत  सिंह उर्फ प्रिंस शामिल रहे।

नई, दिल्ली, 13 सितंबर – हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को प्रदेश के कई कद्दावर नेताओं ने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा की मौजूदगी में नई दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।  इस अवसर पर एक प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया।

कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं में ऐलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल, भाजपा से टिकट के दावेदार रहे उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, पूर्व सांसद तारा सिंह के पुत्र और इनेलो नेता कंवलजीत   सिंह उर्फ प्रिंस शामिल रहे।

इस दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आज भी प्रदेश के कई कद्दावर नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। इन सभी का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं और सभी को विश्वास दिलाता हूं कि उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान मिलेगा।

विवेक बंसल ने कहा कि किसान पिछले नौ महीने से आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार अहंकार में चूर है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल डीजल के दाम आज आसमान छू रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हरियाणा प्रदेश में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जनता की आवाज को कुचलने के लिए सरकार द्वारा दमनकारी नीतियों का सहारा लिया जा रहा है। आज पूरा हरियाणा प्रदेश भाजपा-जजपा सरकार की कुनीतियों से त्रस्त है। पूरा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस पार्टी की तरफ देख रहा है। आज हर कोई नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहता है।

वहीं इस दौरान हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि वह आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए तीनों नेताओं का हार्दिक स्वागत करती हैं। मुझे विश्वास है कि आज शामिल हुए सभी नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी और श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे और कांग्रेस पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करेंगे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश सरकार में शामिल लोगों की हिम्मत नहीं है कि वह जनता के बीच जा सकें। प्रदेशवासी इस सरकार से जल्द से जल्द छुटकारा चाहते हैं। आज हर वर्ग की पसंद कांग्रेस पार्टी है। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में जब भी चुनाव होंगे कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।  कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है।  आए दिन घोटाले सामने आ रहे हैं। सरकार आए दिन किसान विरोधी फैसले ले रही है। किसान पिछले नौ महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मगर यह सरकार उनकी आवाज को दबाने के लिए लगातार दमनकारी नीतियां अपना रही है। सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन का जवाब लाठियों से दे रही है। आज महंगाई सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।  आज प्रदेशवासी भाजपा-जजपा सरकार के कुशासनकाल में पूरी तरह से दुखी हैं।

इस दौरान हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ अजय चौधरी, विधायक शीशपाल केहरवाला, हरियाणा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!