निगम द्वारा निर्माणाधीन दुकानो पर हुई कार्रवाई निंदनीय : कुलभूषण भारद्वाज

गुरुग्राम। जैकमपुरा से लगते सदर बाजार में निर्माणाधीन दुकानें तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति रोष है। लोगों का कहना है कि नगर निगम बड़े बिल्डरों और बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करने की बजाय गरीब दुकानदारों को निशाना बना रहा है। 

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं बार एसोसिशन के पूर्व प्रधान एडवोकेट कुलभूषण भारद्वाज ने कहा कि निगम द्वारा निर्माणाधीन दुकानो पर हुई कार्रवाई निंदनीय है। नक्शा पास होने के बावजूद भी तोड़फोड़ की गई व्यापारियों के साथ यह अत्याचार सहन नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा। नगर निगम अधिकारी बड़े-बड़े बिल्डरों को कुछ नहीं कहते। शहर में चारों ओर अवैध निर्माण की भरमार है। आए दिन नगर निगम का दस्ता पीला पंजा लेकर शहर में घूमता है। निगम से जुड़े लोगों ने जमकर अवैध निर्माण पूरे शहर में किया हुआ है। उन्हें तोड़ने की बजाय निगम के अधिकारी छोटे आदमी को परेशान करते हैं। उनके निर्माण को अवैध करार देकर उन पर मोटी रिश्वत का दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भ्रष्टाचार का गढ़ बने नगर निगम के खिलाफ लोग अब सड़कों पर उतरेंगे।

उन्होंने कहा क‌ि लोगों पर ज्यादती कतई सहन नहीं की जाएगी। निगम अधिकारियों को यह बात अच्छे से समझ लेनी चाहिए। कुलभूषण सदर बाजार में पीड़ित दुकानदारों से मिले। दुकानदारों ने उन्हें नगर निगम की ज्यादतियों के बारे में बताया। उन्हेंने कहा कि सरकार से भी इस बारे में शिकायत की जाएगी। इस मौके पर दुकानदारों ने भी अपना रोष प्रकट किया। दुकानदार किशोर कुमार, नरेंद्र जैन, रमेश कालरा, राजेश बोहरा , सुंदर गुप्ता, दीपक कालरा , गौरव बुद्धि राजा, हरी चंद, यश पाल, ललित शर्मा, दिवाकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या मे व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई की निंदा की। इस दौरान कुलभूषण ने नगर निगम कमीश्नर से फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कमीश्नर से मिलकर सारा घटनाक्रम बताया जाएगा। उन्होंने लोगों को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

error: Content is protected !!