• मीडिया, न्यायपालिका से जुड़े लोगों के फोन की टैपिंग, किसानों पर देशद्रोह कानूनों के दुरूपयोग पर दीपेन्द्र हुड्डा ने जताई चिंता
• न्यायपालिका और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप हमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी – दीपेन्द्र हुड्डा
• दीपेन्द्र हुड्डा ने बार एसोसिएशन की आजीवन सदस्यता ग्रहण की, कहा क़ानून की पढ़ाई करने से जीवन में अलग दृष्टिकोण आया

रोहतक, 16 अगस्त। राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा आज रोहतक में जिला बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और अधिवक्ता साथियों से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने रोहतक जिला बार काउंसिल की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हमारे संविधान में सबसे ऊपर लिखा है कि देश में हर व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए। संविधान की बुनियाद भारत के लोगों को न्याय दिलाना है। लेकिन अगर न्यायपालिका की स्वतंत्रता खतरे में है तो हमारे देश का लोकतंत्र भी खतरे में है। उन्होंने फोन टैपिंग जासूसी मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आज मीडिया, न्यायपालिका से जुड़े लोगों के फोन की टैपिंग हो रही है। उसके खिलाफ संसद में आवाज़ उठाने पर भी पाबंदी है। किसानों पर देशद्रोह जैसे कठोर कानूनों का दुरुपयोग हो रहा है। इसकी चिंता हम सभी को होनी चाहिए। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि अगर न्यायपालिका की स्वतंत्रता दृढ़ता से रहेगी तभी हमारा लोकतंत्र मजबूत रहेगा। तभी हिंदुस्तान आगे पहुंच पायेगा।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि संविधान में न्याय पालिका की स्वतंत्रता हमारे संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि का परिणाम है। संविधान निर्माण करते हुए स्वतंत्र न्यायपालिका की परिकल्पना हमारे संविधान निर्माताओं की महान सोच का परिचायक है। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में हम सभी को इसके लिये अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रोहतक बार एसोसिएशन का गौरवशाली इतिहास रहा है, रोहतक बार ने हमेशा से ही देश और प्रदेश को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की अहम कड़ी हैं। पीड़ित लोगों को न्याय दिलवाने में अधिवक्ता कभी भी अपने धर्म से पीछे नहीं हटे। कानूनी बिरादरी से राजनीतिक क्षेत्र में भी आये लोगों ने हमेशा देश को दिशा दी। दीपेन्द्र हुड्डा ने इस कड़ी में महात्मा गांधी से लेकर बाबा साहब अंबेडकर तक, मौलाना आजाद से लेकर जवाहरलाल नेहरु तक और सरदार पटेल से लेकर आज तक राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और उनके योगदान का उल्लेख किया।

दीपेन्द्र हुड्डा ने खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि क़ानून की पढ़ाई करने से जीवन में अलग दृष्टिकोण आया। उन्होंने जिला बार की आजीवन सदस्यता प्रदान करने के लिये रोहतक बार एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया और कहा कि मुझे बार से व्यक्तिगत तौर से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बार एसोसिएशन का मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश मिलता रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व सांसद शादी लाल बतरा, रोहतक से विधायक बी.बी. बतरा, हवा सिंह हुड्डा, पूर्व विधायक आनन्द सिंह दांगी, पूर्व विधायक संत कुमार, स्टेट आर्गेनाइजर डॉ. जोगिन्दर मोर, रोहतक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद दलाल, उपाध्यक्ष अभिजीत बजाद, महासचिव दीपक हुड्डा, संयुक्त सचिव आर.बी. हंस, विकास आर्या, डॉ. विजेन्दर अहलावत, जगबीर नरवाल, भगत सिंह मलिक, बलवान हुड्डा, जोगिन्दर नान्दल, पूर्व अध्यक्ष लोकिन्दर सिंह फोगाट समेत अनेक स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!