केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह ने रखी 6 परियोजनाओं की आधारशिला

– नगर निगम गुरूग्राम द्वारा वार्ड-3 में करोड़ों रूपए की लागत से किए जाएंगे विकास कार्य
– गांव चौमा में हरीजन चौपाल, सैक्टर-23 में फुटपाथ, पालम विहार में लाईब्रेरी, राजकीय उच्च विद्यालय मोलाहेड़ा में 30 कमरे, पालम विहार में विभिन्न पार्कों का रेनोवेशन तथा गांव मोलाहेड़ा में मल्टीपर्पज हॉल का होगा निर्माण

गुरूग्राम, 7 अगस्त। केन्द्रीय मंत्री एवं गुरूग्राम के सांसद राव इन्द्रजीत सिंह ने शनिवार को वार्ड-3 में नगर निगम गुरूग्राम की 5 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। वार्ड-3 के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा करोड़ों रूपए की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे।

गांव मोलाहेड़ा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री द्वारा जिन 5 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, इनमें गांव चौमा में हरीजन चौपाल का पुर्ननिर्माण, सैक्टर-23 में फुटपाथों का निर्माण एवं रेनोवेशन, पालम विहार में लाईब्रेरी, राजकीय उच्च विद्यालय मोलाहेड़ा में 30 कमरों का निर्माण, पालम विहार में विभिन्न पार्कों का रेनोवेशन तथा गांव मोलाहेड़ा में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण शामिल है।

नगर निगम गुरूग्राम द्वारा वार्ड-3 के गांव चौमा में हरीजन चौपाल का पुर्ननिर्माण किया जाएगा। ग्राऊंड व दो फ्लोर की इस चौपाल में 2 बड़े हॉल, 2 कमरे तथा टॉयलेट सुविधाओं के साथ 2 डॉरमैंट्री होंगी। इसकी टैंडर राशि 1.80 करोड़ रूपए है तथा इससे 10 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। सैक्टर-23 में मौजूदा फुटपाथों के रेनोवेशन तथा नए फुटपाथों के निर्माण होगा। इस पर 2.43 करोड़ रूपए की लागत आएगी तथा यह कार्य एक वर्ष में पूरा किया जाएगा। पालम विहार के जे ब्लॉक में बनाई जाने वाली लाईब्रेरी पर 37 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे तथा कार्य पूरा करने की समयसीमा 6 माह होगी।

नगर निगम गुरूग्राम द्वारा राजकीय उच्च विद्यालय मोलाहेड़ा में 30 कमरों के निर्माण पर 2 करोड़ 47 लाख रूपए की लागत आएगी तथा यह कार्य 18 माह में पूरा किया जाएगा। इस विद्यालय में लगभग 2200 विद्यार्थी हैं। इसके अलावा, वार्ड-3 के मोलाहेड़ा गांव में 98 लाख रूपए की लागत से मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसमें ग्राऊंड व दो फ्लोर होंगे। यह कार्य 12 माह में पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, पालम विहार के विभिन्न पार्कों के रेनोवेशन पर 1 करोड़ 23 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे।

इस मौके पर मे मेयर मधु आजाद, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, पूर्व मेयर विमल यादव, निगमायुक्त मुकेश कुमार आहुजा, संयुक्त आयुक्त प्रदीप अहलावत, निगम पार्षद रविन्द्र यादव, सुनील कुमार, संजय प्रधान, अनूप सिंह, अश्विनी शर्मा, पूर्व पार्षद दलीप साहनी, राकेश यादव, भाजपा नेता अनिल यादव, मुकेश पहलवान, प्रो. हंसराज, डीईओ इंदू बोकन, रणजीत नंबरदार, रोहित राव, राजपाल फौजी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!